हरियाणा

हरियाणा में बॉक्सर गैंग का आतंक! फतेहाबाद के बस स्टैंड पर दिनदहाड़े व्यापारी से डेढ़ लाख की लूट, हवाई फायरिंग भी की

टोहाना (फतेहाबाद)। फतेहाबाद जिले में अपराधियों ने दिनदहाड़े एक बार फिर हौसला दिखाया। बुधवार शाम साढ़े छह बजे बस स्टैंड के सामने स्थित गौरव ट्रेडिंग कंपनी की होलसेल किराना दुकान पर बाइक सवार तीन युवकों ने पिस्तौल के बल पर डेढ़ लाख रुपये की नकदी लूटकर दहशत फैला दी। फर्म के साझेदार धीरज मेहता को कनपटी पर पिस्तौल तानकर लूट की गई और जाते-जाते हवाई फायरिंग भी की।

बॉक्सर गैंग का दावा और धमकी
घटना के दौरान आरोपितों ने गाली-गलौज करते हुए नकदी की मांग की। विरोध करने पर पिस्तौल तान दी गई और नकदी लूटकर फरार हो गए। जाते समय उन्होंने स्वयं को ‘बॉक्सर गैंग’ का सदस्य बताते हुए दोबारा आने की धमकी भी दी। आरोपितों के नशेड़ी होने की जानकारी मिली है और वे सब्जी मंडी की तरफ भागते हुए वहां भी फायरिंग करने पहुंचे।

पुलिस ने शुरू की तलाशी, सुरक्षा बढ़ाई
सूचना मिलने पर डीएसपी उमेद सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम घटनास्थल पर पहुंची और दुकान के बाहर सुरक्षा बढ़ा दी। मौके से एक गोली का खोल बरामद किया गया है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है और आरोपियों की तलाश में चार विशेष टीमों को रवाना किया गया है। डीएसपी ने कहा कि जल्द ही आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

व्यापारी संघ ने सुरक्षा की मांग की
टोहाना व्यापार मंडल के प्रधान राजेंद्र ठकराल ने बताया कि दिनदहाड़े हुई लूट से व्यापारियों में भय का माहौल है। उन्होंने कहा, “ऐसी घटनाएं हमारी सुरक्षा पर सवाल उठाती हैं। पुलिस प्रशासन से मांग है कि क्षेत्र में गश्त बढ़ाई जाए ताकि व्यापारी सुरक्षित महसूस करें और इस तरह की घटनाएं दोबारा न हों।”

Related Articles

Back to top button