हिमाचल प्रदेश

हिमाचल में घना कोहरा और हिमस्खलन का खतरा बढ़ा, 8 फरवरी तक यलो अलर्ट, 9-10 फरवरी को भारी बर्फबारी के आसार

शिमला। हिमाचल प्रदेश में मौसम ने एक बार फिर करवट ली है। मौसम विभाग ने प्रदेश के मैदानी और निचले इलाकों में आठ फरवरी तक घने कोहरे का यलो अलर्ट जारी किया है। कोहरे के साथ ठंड का असर भी लगातार बना हुआ है। हालांकि चार और पांच फरवरी को प्रदेश के अधिकतर हिस्सों में मौसम साफ रहने की संभावना जताई गई है, लेकिन तापमान में कोई खास राहत नहीं मिलने के संकेत हैं।

6 फरवरी को ऊंचाई वाले इलाकों में बारिश और बर्फबारी की संभावना
मौसम विभाग के अनुसार छह फरवरी को प्रदेश के ऊंचे और पहाड़ी क्षेत्रों में कुछ स्थानों पर हल्की बारिश और हिमपात हो सकता है। इसके बाद सात और आठ फरवरी को एक बार फिर मौसम साफ रहने के आसार हैं। हालांकि नौ और 10 फरवरी को पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने से प्रदेश में व्यापक वर्षा और ऊंचाई वाले इलाकों में भारी हिमपात की चेतावनी जारी की गई है।

किन्नौर, कुल्लू और लाहुल स्पीति में हिमस्खलन का ऑरेंज अलर्ट
मौसम विभाग ने किन्नौर, कुल्लू और लाहुल स्पीति जिलों में हिमस्खलन को लेकर ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। प्रशासन ने स्थानीय लोगों और पर्यटकों को ऊंचाई वाले क्षेत्रों की यात्रा से बचने की सलाह दी है। लगातार हो रही बर्फबारी और तापमान में उतार-चढ़ाव के चलते इन इलाकों में खतरा बढ़ गया है।

मैदानी इलाकों में घना कोहरा, विजिबिलिटी बेहद कम
प्रदेश के मैदानी और निचले क्षेत्रों में घना कोहरा लोगों की परेशानी बढ़ा रहा है। बुधवार सुबह बिलासपुर, सुंदरनगर और मंडी में घना कोहरा छाया रहा। बिलासपुर में दृश्यता करीब 30 मीटर तक सिमट गई, जबकि सुंदरनगर में यह 100 मीटर के आसपास दर्ज की गई।

24 घंटे में कई इलाकों में बारिश, पर्यटन स्थलों पर खिली धूप
बीते 24 घंटों के दौरान भुंतर, पालमपुर और सेऊबाग में वर्षा दर्ज की गई। मनाली और आसपास के क्षेत्रों में भी हल्की बारिश हुई। बुधवार को राजधानी शिमला और पर्यटन नगरी मनाली समेत प्रदेश के कई हिस्सों में धूप खिली रही। लाहुल स्पीति और किन्नौर जिलों में भी मौसम साफ रहा।

धूप के बावजूद तापमान में गिरावट
धूप निकलने के बावजूद अधिकतम तापमान में करीब तीन डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गई है। प्रदेश के चार प्रमुख स्थानों पर न्यूनतम तापमान शून्य से नीचे चला गया है।

कुकुमसेरी में सबसे ज्यादा ठंड, तापमान माइनस 12.2 डिग्री
प्रदेश में सबसे कम तापमान लाहुल स्पीति के कुकुमसेरी में माइनस 12.2 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। इसके अलावा कल्पा में माइनस 5, मनाली में माइनस 0.5 और ताबो में माइनस 8.8 डिग्री सेल्सियस न्यूनतम तापमान दर्ज किया गया।

9 फरवरी से फिर बढ़ेगा मौसम का असर
मौसम विभाग ने स्पष्ट किया है कि नौ फरवरी से पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से प्रदेश में मौसम एक बार फिर बिगड़ सकता है। ऐसे में खासकर ऊंचाई वाले इलाकों में रहने वाले लोगों और पर्यटकों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है।


Related Articles

Back to top button