अन्तर्राष्ट्रीय

बांग्लादेश में चुनाव से पहले सनसनी: चाय बागान में मिला हिंदू युवक का शव, हाथ-पैर बंधे होने से बढ़ा रहस्य

नई दिल्ली। बांग्लादेश में 12 फरवरी को प्रस्तावित आम चुनाव से ठीक पहले एक सनसनीखेज हत्या ने अल्पसंख्यक समुदाय में दहशत का माहौल पैदा कर दिया है। 11 फरवरी को मौलवीबाजार जिले के कमलगंज उपजिला स्थित चंपारा चाय बागान से 28 वर्षीय हिंदू युवक रतन साहूकार का शव बरामद हुआ। स्थानीय मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक पुलिस ने पुष्टि की है कि शव के हाथ-पैर बंधे हुए थे और शरीर पर गंभीर चोटों के निशान मिले हैं, जिससे मामला संदिग्ध परिस्थितियों में हत्या का प्रतीत होता है।

सुबह बागान में दिखा खून से लथपथ शव
स्थानीय लोगों ने सुबह करीब 10 बजे चाय बागान में शव देखा और तुरंत पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने मृतक की पहचान रतन साहूकार के रूप में की, जो उसी बागान में काम करता था और इस्लामपुर यूनियन से जुड़ा हुआ था। पुलिस अधिकारी अब्दुल अवाल ने बताया कि शव पर कई जगह गहरे घाव थे, जिससे हिंसक हमले की आशंका जताई जा रही है।

रात भर तलाशते रहे परिजन
परिवार के मुताबिक रतन पिछली रात से लापता था। बड़े भाई लक्ष्मण कर ने बताया कि पूरी रात परिजन उसे खोजते रहे, लेकिन सुबह सूचना मिली कि बागान में एक शव पड़ा है। मौके पर पहुंचकर उन्होंने पहचान की। परिवार ने कहा कि हत्या की वजह समझ नहीं आ रही और वे गहरे सदमे में हैं।

स्थानीय लोगों को हत्या कहीं और होने का शक
बागान के एक कर्मचारी ने नाम न बताने की शर्त पर कहा कि स्थानीय लोगों को शक है कि हत्या किसी और जगह की गई और बाद में शव यहां लाकर फेंका गया। कुछ लोग घटना को चुनावी माहौल से जोड़कर देख रहे हैं, हालांकि अभी तक इसकी कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।

पोस्टमॉर्टम जारी, आरोपियों की तलाश
पुलिस ने शव को मौलवीबाजार सदर अस्पताल भेज दिया है, जहां पोस्टमॉर्टम किया जा रहा है। अधिकारियों का कहना है कि मामले की जांच जारी है और हमलावरों की पहचान के प्रयास किए जा रहे हैं।

Related Articles

Back to top button