व्यापार

Gold-Silver Price Outlook: इस हफ्ते और सस्ता हो सकता है सोना-चांदी, निवेशकों की नजर अमेरिकी आंकड़ों पर

वैश्विक और घरेलू बाजार संकेत दे रहे हैं कि इस सप्ताह सोने और चांदी की कीमतों में गिरावट का सिलसिला जारी रह सकता है। हालांकि, सर्राफा बाजार में उतार-चढ़ाव की स्थिति बनी रहने की आशंका जताई जा रही है। बाजार विशेषज्ञों का मानना है कि निवेशकों की नजर अमेरिका की महंगाई दर, सकल घरेलू उत्पाद (GDP) और फेडरल रिजर्व की नीतिगत दिशा पर टिकी हुई है। इसके साथ ही कारोबारी संभावित ब्याज दर कटौती के समय और गति को समझने के लिए अमेरिकी श्रम बाजार से जुड़े आंकड़ों, फेडरल ओपन मार्केट कमेटी की बैठक के विवरण और फेड अधिकारियों के बयानों का विश्लेषण कर रहे हैं।

पिछले सप्ताह चांदी में बड़ी गिरावट, सोने में सीमित तेजी
कमोडिटी बाजार के आंकड़ों के अनुसार, घरेलू स्तर पर मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज (MCX) में पिछले सप्ताह चांदी के वायदा भाव में 5532 रुपये यानी करीब 2.2 प्रतिशत की गिरावट दर्ज की गई। वहीं सोने की कीमतों में 444 रुपये यानी लगभग 0.3 प्रतिशत की मामूली बढ़त देखने को मिली। जेएम फाइनेंशियल सर्विसेज लिमिटेड के उपाध्यक्ष (ईबीजी, कमोडिटी एंड करेंसी रिसर्च) प्रणव मेर के मुताबिक, दीर्घकाल में सोने और चांदी में मजबूती की संभावना बनी हुई है, लेकिन अमेरिकी आर्थिक संकेतकों के चलते फिलहाल बाजार में अस्थिरता बरकरार रह सकती है।

मजबूत अमेरिकी रोजगार आंकड़ों से कीमतों पर पड़ा असर
विशेषज्ञों के अनुसार, हालिया गिरावट का बड़ा कारण अमेरिका के मजबूत रोजगार आंकड़े रहे हैं। एंजेल वन के उपाध्यक्ष प्रथमेश माल्या ने बताया कि फरवरी 2026 के दौरान सोने की कीमतों में गिरावट दर्ज की गई है। 13 फरवरी को जहां सोने का भाव 1,80,000 रुपये प्रति 10 ग्राम के उच्चतम स्तर पर था, वहीं बाद में यह घटकर करीब 1,53,800 रुपये प्रति 10 ग्राम पर आ गया। उन्होंने कहा कि मजबूत रोजगार आंकड़ों के कारण निकट अवधि में ब्याज दरों में कटौती की उम्मीद कम हुई है, जिससे सोने की कीमतों पर दबाव बना।

सर्राफा बाजार में भी दिखा गिरावट का असर
घरेलू सर्राफा बाजार की बात करें तो पिछले सप्ताह शुक्रवार को दिल्ली के सर्राफा बाजार में चांदी के दाम में बड़ी गिरावट दर्ज की गई। चांदी 13,500 रुपये यानी 5.03 प्रतिशत गिरकर 2,55,000 रुपये प्रति किलोग्राम पर पहुंच गई, जबकि इससे एक दिन पहले इसका भाव 2,68,500 रुपये प्रति किलोग्राम था। वहीं 99.9 प्रतिशत शुद्धता वाले सोने की कीमत भी 2400 रुपये यानी 1.5 प्रतिशत घटकर 1,58,500 रुपये प्रति 10 ग्राम रह गई। इससे पहले सोना 1,60,900 रुपये प्रति 10 ग्राम के स्तर पर बंद हुआ था।

Related Articles

Back to top button