देहरादून: उत्तराखंड सरकार इस महीने 5,000 जरूरतमंद परिवारों को प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत तैयार मकानों की चाबियां सौंपने जा रही है। सभी आवासों का निर्माण कार्य पूरा हो चुका है और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की उपलब्धता मिलते ही राज्य स्तरीय भव्य समारोह आयोजित किया जाएगा। इस कार्यक्रम में अलग-अलग जिलों के लाभार्थी वर्चुअल माध्यम से भी शामिल होंगे।
किन जिलों में तैयार हुए आवास
आवास सलाहकार परिषद के उपाध्यक्ष श्याम अग्रवाल के मुताबिक हरिद्वार, ऊधमसिंह नगर, नैनीताल, टिहरी, पौड़ी, अल्मोड़ा, पिथौरागढ़, चंपावत और बागेश्वर सहित कई जिलों में इन घरों का निर्माण पूरा किया गया है। शहरी इलाकों में बहुमंजिला ईडब्ल्यूएस फ्लैट बनाए गए हैं, जबकि ग्रामीण क्षेत्रों में पात्र परिवारों को पक्के मकान निर्माण के लिए आर्थिक सहायता प्रदान की गई है।
आधुनिक सुविधाओं से लैस हैं मकान
बताया गया कि सभी आवासों में शौचालय, बिजली कनेक्शन, स्वच्छ पेयजल और रसोई की सुविधा उपलब्ध कराई गई है। कई स्थानों पर लाभार्थियों को उज्ज्वला और सौभाग्य जैसी योजनाओं से भी जोड़ा गया है। निर्माण के दौरान गुणवत्ता मानकों का विशेष ध्यान रखा गया ताकि आवास लंबे समय तक सुरक्षित और टिकाऊ रहें।
DBT से मिली पारदर्शिता, समय पर पूरा हुआ निर्माण
ग्रामीण और शहरी दोनों क्षेत्रों में किस्तों की धनराशि सीधे लाभार्थियों के बैंक खातों में डीबीटी के माध्यम से भेजी गई, जिससे पारदर्शिता बढ़ी और निर्माण समय पर पूरा हो सका। अधिकारियों का कहना है कि सरकार का लक्ष्य है कि राज्य का कोई भी पात्र परिवार पक्के मकान से वंचित न रहे।
रोजगार और स्थानीय अर्थव्यवस्था को भी बढ़ावा
सरकारी सूत्रों के अनुसार इस योजना से न सिर्फ गरीब और निम्न आय वर्ग के लोगों को सुरक्षित आवास मिल रहा है, बल्कि निर्माण गतिविधियों के जरिए स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर भी बढ़े हैं। आगामी चरणों में और अधिक पात्र लाभार्थियों को योजना से जोड़ने की तैयारी की जा रही है।




