अन्तर्राष्ट्रीय

स्पेन की बहुमंजिला इमारत में भीषण आग, पांच युवकों की दर्दनाक मौत

नई दिल्ली। उत्तर-पूर्वी स्पेन में एक बहुमंजिला अपार्टमेंट में भीषण आग लगने से पांच लोगों की मौत हो गई, जबकि पांच अन्य घायल हो गए। रीजनल इमरजेंसी सर्विसेज के मुताबिक यह घटना सोमवार, 16 फरवरी की देर रात सामने आई। आग इतनी भयावह थी कि मौके पर अफरा-तफरी मच गई और दमकल कर्मियों को आग पर काबू पाने में कड़ी मशक्कत करनी पड़ी।

स्टोरेज रूम में लगी आग, पहचान अब तक नहीं
रीजनल अधिकारियों ने बताया कि कैटालोनिया क्षेत्र में, बार्सिलोना के उत्तर में स्थित 21 हजार की आबादी वाले शहर मान्लेउ में पांच मंजिला अपार्टमेंट ब्लॉक के स्टोरेज रूम में आग भड़की। आग लगने के कारणों का फिलहाल पता नहीं चल पाया है। यह भी स्पष्ट नहीं हो सका है कि स्टोरेज रूम में मौजूद लोग समय रहते बाहर क्यों नहीं निकल पाए। आग में झुलसने से शव इतनी बुरी तरह जल गए कि मृतकों की पहचान अभी तक नहीं हो सकी है।

मृतक स्थानीय निवासी नहीं थे
कैटालोनिया पुलिस के अनुसार, आग में जान गंवाने वाले सभी पांच लोग युवक थे और वे उस इमारत के स्थायी निवासी नहीं थे। हादसे के बाद पूरे इलाके में शोक का माहौल है, जबकि पुलिस और फॉरेंसिक टीमें जांच में जुटी हुई हैं।

रीजनल लीडर ने जताया शोक
कैटालोनिया के रीजनल लीडर साल्वाडोर इल्ला ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर घटना पर गहरा दुख जताते हुए मृतकों और उनके परिवारों के प्रति संवेदना प्रकट की।

घायलों की हालत स्थिर
इमरजेंसी सर्विसेज ने मंगलवार को बताया कि घायलों में से चार लोगों को प्राथमिक उपचार के बाद अस्पताल से छुट्टी दे दी गई है, जबकि एक व्यक्ति को अस्पताल में भर्ती कराने की जरूरत नहीं पड़ी। कैटलन पुलिस ने आग लगने के कारणों की विस्तृत जांच शुरू कर दी है।

Related Articles

Back to top button