उत्तर प्रदेशबहराइचराज्य

अमृत सरोवर बना मिट्टी माफियाओं का अड्डा, अवैध खनन का आरोप

सरकारी योजना पर खुली लूट, ग्रामीणों ने जांच व कार्रवाई की मांग

राहुल उपाध्याय

बाबागंज (बहराइच) : विकासखंड नवाबगंज अंतर्गत ग्राम पंचायत गोविंदापुर पंडित के मजरा मंसूख गांव में केंद्र व प्रदेश सरकार की महत्वाकांक्षी अमृत सरोवर योजना भ्रष्टाचार और लापरवाही की भेंट चढ़ती नजर आ रही है। आरोप है कि अमृत सरोवर के भीतर से खुलेआम अवैध मिट्टी का खनन कराया जा रहा है, जिससे योजना का उद्देश्य ही समाप्त हो गया है। ग्रामीणों का कहना है कि अमृत सरोवर योजना के तहत जल संरक्षण, सौंदर्यीकरण और ग्रामीणों को सुविधा देने के लिए लाखों रुपये खर्च किए गए लेकिन मंसूख गांव में हालात इसके बिल्कुल उलट हैं। सरोवर में पानी भरने के बजाय जेसीबी मशीनों और ट्रैक्टरों से मिट्टी की खुदाई कराई जा रही है जिससे सरोवर की संरचना बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो चुकी है।

ग्रामीणों ने बताया कि अमृत सरोवर पर बैठने के लिए प्रस्तावित सीमेंट की कुर्सियां, चारदीवारी और अन्य सौंदर्यीकरण कार्य या तो हुए ही नहीं या फिर अधूरे छोड़ दिए गए। ग्रामीणों ने बताया कि ग्राम प्रधान जाकरून द्वारा योजना की पूरी धनराशि निकाल ली गई। लेकिन जमीनी स्तर पर कोई ठोस कार्य नजर नहीं आता। सरोवर के चारों ओर झाड़ियां उग आई हैं और पहले से बनी चारदीवारी भी टूटकर गिर चुकी है। विरोध प्रदर्शन कर रहे ग्रामीणों तिरभुवन प्रसाद, गंगाराम, शोभा सहित अन्य लोगों का कहना है कि यदि अमृत सरोवर में पानी भरवा दिया जाए तो पशुओं के पीने के पानी की समस्या दूर हो सकती है और ग्रामीणों को टहलने-बैठने की सुविधा भी मिलेगी। लेकिन वर्तमान में यह सरोवर गांव के उपयोग के बजाय अवैध खनन का केंद्र बन गया है।

इस संबंध में कई बार ग्राम प्रधान प्रतिनिधि और एपीओ से संपर्क करने का प्रयास किया गया, लेकिन किसी का फोन नहीं उठाया गया। ग्रामीणों ने जिला प्रशासन और संबंधित अधिकारियों से मांग की है कि अमृत सरोवर में हो रहे अवैध मिट्टी खनन की निष्पक्ष जांच कराई जाए। दोषियों पर सख्त कार्रवाई हो और सरोवर में पानी भरवाकर उसका पूर्ण सौंदर्यीकरण कराया जाए ताकि सरकार की योजना का वास्तविक लाभ गांव को मिल सके। ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि शीघ्र कार्रवाई नहीं हुई तो वे उच्च अधिकारियों के समक्ष शिकायत कर आंदोलन को और तेज करेंगे।

Related Articles

Back to top button