अन्तर्राष्ट्रीय

तेल मार्ग पर बढ़ा टकरावः अमेरिका ने होर्मुज में 16 ईरानी बारूदी जहाज किए तबाह !

नई दिल्ली: ईरान की ओर से तेल निर्यात को बाधित करने की धमकी दिए जाने के बीच अमेरिकी सेना ने बारूदी सुरंग बिछाने वाले 16 ईरानी जहाजों को नष्ट करने का मंगलवार को दावा किया। हालांकि, अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने सोशल मीडिया पर कहा कि होर्मुज जलडमरूमध्य में ईरान द्वारा विस्फोटक लगाए जाने की कोई सूचना नहीं है। अमेरिकी सेना ने बारूदी सुरंग बिछाने वाले 16 ईरानी जहाजों को नष्ट करने का दावा करते हुए कुछ वीडियो भी जारी किए। इससे पहले ट्रंप ने ईरान को जलडमरूमध्य में बारूदी सुरंगें बिछाने के खिलाफ चेतावनी दी थी।

संघर्ष के 11वें दिन में प्रवेश करने के साथ ही दोनों पक्षों ने एक दूसरे के खिलाफ बयानबाजी तेज कर दी है। ट्रंप ने धमकी दी है कि अगर ईरान ने जलडमरूमध्य में कोई बारूदी सुरंग बिछाई भी है तो वह उसे तुरंत हटा ले अन्यथा उस पर ”अब तक के सबसे भीषण” हमले किए जाएंगे। अमेरिका के रक्षा मंत्री पीट हेगसेथ ने भी अब तक के सबसे भीषण हमलों का संकल्प दोहराया है। इससे पहले ईरान ने क्षेत्र के तेल निर्यात को रोकने की धमकी दी है। इससे यह चिंता बढ़ गई है कि वह तेल टैंकर को उस जलमार्ग से गुजरने से रोक सकता है, जिसके जरिए दुनिया के करीब 20 प्रतिशत तेल की ढुलाई होती है।

Related Articles

Back to top button