व्हाइट हाउस के पास सुरक्षा में बड़ी चूक! बैरिकेड से टकराई तेज रफ्तार वैन, इलाके में मचा हड़कंप

अमेरिका की राजधानी वाशिंगटन डीसी में उस समय हड़कंप मच गया जब एक तेज रफ्तार वैन अमेरिकी राष्ट्रपति आवास के पास लगे सुरक्षा बैरिकेड से टकरा गई। घटना के बाद पूरे इलाके को तुरंत सील कर दिया गया और सुरक्षा एजेंसियों ने आसपास का क्षेत्र खाली करवा दिया।
समाचार एजेंसी एएफपी के अनुसार बुधवार सुबह यह घटना सामने आई, जब एक वैन व्हाइट हाउस के पास लगे सुरक्षा बैरिकेड से जा टकराई। टक्कर के बाद पुलिस और सुरक्षा एजेंसियां तुरंत हरकत में आ गईं और डाउनटाउन वाशिंगटन के बड़े हिस्से में सुरक्षा घेरा बढ़ा दिया गया।
लाफायेट स्क्वायर के पास हुआ हादसा
जानकारी के मुताबिक वैन व्हाइट हाउस के ठीक उत्तर में स्थित लाफायेट स्क्वायर के एक गेट से टकराई। यह इलाका आमतौर पर पर्यटकों और दफ्तरों में काम करने वाले लोगों से भरा रहता है। घटना के बाद मौके पर भारी संख्या में सुरक्षा बल तैनात कर दिए गए और आसपास की सड़कों को बंद कर दिया गया।
ड्राइवर के बारे में अभी जानकारी नहीं
अधिकारियों ने फिलहाल वैन के ड्राइवर के बारे में कोई आधिकारिक जानकारी साझा नहीं की है। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है और यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि यह हादसा था या इसके पीछे कोई और कारण है।
कड़ी सुरक्षा के बीच हुई घटना
यह घटना ऐसे समय में हुई है जब ईरान से जुड़े तनाव और अमेरिका-इजरायल से संबंधित घटनाक्रम के चलते राजधानी वाशिंगटन में पहले से ही कड़ी सुरक्षा व्यवस्था लागू है। ऐसे में व्हाइट हाउस के पास सुरक्षा बैरिकेड से वाहन के टकराने की घटना को सुरक्षा एजेंसियां गंभीरता से ले रही हैं।



