मध्य प्रदेशराज्य

मधुमक्खियों का हमला बना आफत, 24 भेड़ों की मौत; चरवाहा गंभीर घायल

शाजापुर : मध्य प्रदेश के शाजापुर जिले केसलकन खेड़ी गांव में मधुमक्खियों के हमले ने बड़ी तबाही मचा दी। अचानक हुए इस हमले में 24 भेड़ों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि राजस्थान (Rajsthan) का एक चरवाहा गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल को प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए Sehore रेफर किया गया है।

पुलिस के मुताबिक शुजालपुर क्षेत्र के सलकनखेड़ी गांव में अचानक हजारों मधुमक्खियों ने भेड़ों के झुंड पर हमला कर दिया। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि हमला इतना तेज था कि जानवरों को भागने तक का मौका नहीं मिला। चरवाहे हरतीगा राम ने भेड़ों को बचाने की कोशिश की, लेकिन मधुमक्खियों ने उस पर भी हमला कर दिया।

हमले में राजस्थान निवासी हरतीगा राम देवासी बुरी तरह घायल हो गया। उसे पहले स्थानीय अस्पताल ले जाया गया, लेकिन हालत बिगड़ने पर डॉक्टरों ने उसे सीहोर रेफर कर दिया। हमले में उसके साथी नाथा जी को भी चोटें आई हैं।

जानकारी के अनुसार, चरवाहा हाल ही में एक और बड़ी त्रासदी का शिकार हो चुका है। करीब एक महीने पहले कथित रूप से मिलावटी हल्दी खाने से उसकी 220 भेड़ों की मौत हो गई थी। अब दूसरी घटना ने उसे आर्थिक रूप से पूरी तरह प्रभावित कर दिया है।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और पशु चिकित्सकों की टीम मौके पर पहुंची और मृत भेड़ों का पोस्टमार्टम कराया। पीड़ितों ने प्रशासन से मुआवजे की मांग करते हुए कहा कि लगातार हुए नुकसान से उनकी आजीविका पर गंभीर असर पड़ा है।

Related Articles

Back to top button