
पीरपैंती। कहते हैं कि प्रतिभा किसी की मोहताज नहीं होती, और यह कथन पीरपैंती बाजार पंचायत के वार्ड आठ में रहने वाली आरजू खातून पर बिल्कुल सही बैठता है। आरजू ने इस साल BSEB 12वीं परीक्षा 2026 में आर्ट संकाय में जिला स्तर पर दूसरा स्थान प्राप्त किया।
परिवार और संघर्ष की कहानी
आरजू के पिता रफीक खान पानीपत में मजदूरी करते हैं, जबकि उनकी मां सलमा खातून ने पढ़ाई में पूरा सहयोग किया। आरजू ने बताया कि उन्होंने यह सफलता सेल्फ स्टडी के जरिए हासिल की। उनका भाई आदिल भी हमेशा उन्हें प्रेरित करता रहा।
भाई का वादा और टॉपर बनने की प्रेरणा
आरजू ने बताया कि उनके भाई ने कहा था, “यदि तुम 400 अंक लाओगी तो मैं तुम्हें मोबाइल फोन उपहार में दूंगा।” आरजू ने इसे चुनौती के रूप में लिया और कठिन परिश्रम शुरू किया। आज वही चुनौती सफलता में बदल गई, और आरजू जिले की टॉपर बन गई।
आरजू की प्रारंभिक शिक्षा पहली से दसवीं कक्षा तक पानीपत सोनदापुर में हुई। उन्होंने आरएस पब्लिक स्कूल, पानीपत से मैट्रिक परीक्षा में 93.8 प्रतिशत अंक हासिल किए थे।
बचपन का सपना और भविष्य की योजनाएं
आरजू ने बताया कि बचपन से ही टॉपर बनने का सपना था। उनका सपना है कि BPSC चयनित होकर शिक्षिका बनें। उन्होंने अन्य छात्रों को संदेश दिया कि सेल्फ स्टडी से ही बेहतर परिणाम संभव हैं।
समारोह और सम्मान
आरजू की इस उपलब्धि पर बीडीओ अभिमन्यु कुमार ने उन्हें प्रखंड कार्यालय में बुलाकर सम्मानित किया। इस मौके पर मो गुड्डू, कूंच राम सहित अन्य गणमान्य लोग भी मौजूद रहे।



