छिंदवाड़ा में आकाशीय बिजली का कहर, मां और बेटी बुरी तरह झुलसीं

छिंदवाड़ा : मध्य प्रदेश के छिंदवाड़ा जिले में आकाशीय बिजली के कहर से मां और बेटी झुलस गई. वहीं, दो मवेशियों की भी मौके पर मौत हो गई और दो अन्य मवेशी घायल हो गए. इधर घायल मां और बेटी को परिजनों ने जिला अस्पताल लाकर भर्ती कराया है, जहां दोनों का इलाज जारी है. बताया जा रहा है कि सेजवाड़ा निवासी 55 वर्षीय पुनियाबाई पति बृजलाल परतेती और उसकी बेटी 21 वर्षीय शोभा बुधवार शाम को घर पर काम कर रही थी. इसी दौरान घर के समीप आकाशीय बिजली आ गिरी. बिजली गिरते ही जोरदार धमाका हुआ. पुनियाबाई और शोभा आकाशीय बिजली से झुलस गई.
परिजनों ने तुरंत घायलों को अमरवाड़ा अस्पताल लाकर भर्ती कराया. प्राथमिक इलाज के बाद घायलों को जिला अस्पताल रेफर किया गया था. जिला अस्पताल में घायल मां और बेटी इलाजरत हैं. वहीं पौनार में गुरुवार को दोपहर आकाशीय बिजली के झटके से 17 वर्षीय रुपा पिता अशोक कहार घायल हो गईं. उसे जिला अस्पताल रेफर किया गया है. आकाशीय बिजली की चपेट में आने से दो मवेशियों की मौके पर मौत हो गई और अन्य दो मवेशी बुरी तरह से झुलस गए हैं. बताया जा रहा है कि घटना की सूचना मिलने पर पटवारी ब्रजेश भलावी और कोटवार मौके पर पहुंचे थे. प्रशासनिक टीम द्वारा मुआवजा प्रकरण तैयार किया जा रहा है.



