
संगरूर। स्थानीय चंडीगढ़-बठिंडा नेशनल हाईवे पर स्थित डेरा राधा स्वामी व सूर्या धर्मकांटे के समीप मोहल्ला मोहन नगर क्षेत्र में सोमवार रात्रि एक निर्माण अधीन इमारत के प्लाट में एक बुजुर्ग चौकीदार की अज्ञात व्यक्तियों द्वारा हत्या कर दी गई। मंगलवार सुबह घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंच गई व मामले की गहन जांच शुरू कर दी गई है।
जानकारी के अनुसार मृतक की पहचान रामजी सिंह (75) पुत्र मेहर सिंह निवासी गांव बालद कलां के रूप में हुई है। वह उक्त मोहल्ले में कुलविंदर सिंह पुत्र सुखपाल सिंह निवासी गांव मौड़ा (दिड़बा) के एक खाली प्लॉट में चौकीदारी कर रहा था।
कुलविंदर सिंह भवानीगढ़ के पटियाला रोड पर पेस्टीसाइड्स की दुकान चलाते हैं। उनके प्लॉट में बोरिंग का कार्य शुरू किया गया था तथा मशीनरी व अन्य सामान की सुरक्षा के लिए रामजी सिंह को रात के समय चौकीदार के रूप में रखा गया था। मंगलवार सुबह बोरिंग का काम करने वाला लखविंदर सिंह पुत्र हरपाल सिंह निवासी गांव राय सिंह वाला जब मौके पर पहुंचा तो उसने देखा कि प्लॉट के अंदर बोरिंग मशीन के पास रामजी सिंह चारपाई पर मृत अवस्था में पड़े हुए थे।
उनके हाथ-पांव रस्सियों से बंधे हुए थे व सिर पर गंभीर चोट के निशान थे। यह दृश्य देखकर उसने तुरंत प्लॉट मालिक को सूचित किया, जिसके बाद पुलिस को जानकारी दी गई। मौके पर पहुंचे कुलविंदर सिंह ने बताया कि बोरिंग का काम एक दिन पहले ही शुरू हुआ था व रामजी सिंह पहली रात ही ड्यूटी पर आए थे। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है।
उधर, थाना भवानीगढ़ के प्रभारी इंस्पेक्टर मालविंदर सिंह ने बताया कि मामले की बारीकी से जांच की जा रही है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है व फोरेंसिक विशेषज्ञों को भी मौके पर बुलाया गया है। पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है तथा आरोपियों की तलाश जारी है।



