अपराधपंजाब

जालंधर के गुरु नानक पुरा वेस्ट में कार ने ली 7 वर्षीय बच्ची की जान, चालक गिरफ्तार

जालंधर। चौगिट्टी के पास स्थित गुरु नानक पुरा वेस्ट में एक बेहद दर्दनाक हादसा सामने आया, जहां एक लापरवाह कार चालक की वजह से 7 वर्षीय मासूम बच्ची की जान चली गई। इस घटना के बाद पूरे इलाके में मातम पसरा हुआ है और परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है।

जानकारी के मुताबिक मृतक बच्ची की पहचान राधिका के रूप में हुई है। वह रोजाना की तरह अपने घर के बाहर गली में खेल रही थी। इसी दौरान एक कार चालक, जो अपने रिश्तेदारों से मिलने के लिए इलाके में आया हुआ था, गली में अपनी कार मोड़ने लगा।

प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि चालक ने गाड़ी मोड़ते समय आसपास ध्यान नहीं दिया और नीचे खेल रही बच्ची को देख नहीं पाया। बताया जा रहा है कि चालक ने बिना सावधानी बरते गाड़ी मोड़ी, जिससे राधिका कार के टायरों के नीचे आ गई। हादसा इतना अचानक और भयावह था कि बच्ची को संभलने का कोई मौका नहीं मिला और उसने मौके पर ही दम तोड़ दिया।

घटना के तुरंत बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई और बड़ी संख्या में लोग मौके पर एकत्र हो गए। जब स्वजनों ने बच्ची को खून से लथपथ हालत में देखा तो उनका रो-रोकर बुरा हाल हो गया। एक हंसती-खेलती जिंदगी के यूं अचानक खत्म हो जाने से पूरे मोहल्ले में शोक का माहौल है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

पुलिस ने कार चालक को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में मामला चालक की लापरवाही का माना जा रहा है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है।

Related Articles

Back to top button