मध्य प्रदेशराज्य

ग्वालियर में तीन भाई-बहनों ने तालाब में लगाई छलांग, एक की मौत; मामले की जांच जारी

ग्वालियर : मध्य प्रदेश के ग्वालियर में मंगलवार को सनसनीखेज घटना सामने आई, जहां बहोड़ापुर थाना क्षेत्र स्थित सागर ताल में तीन भाई-बहनों ने कथित तौर पर आत्महत्या की कोशिश की। पुलिस ने तीनों को बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया, लेकिन इलाज के दौरान एक युवक की मौत हो गई।

मृतक की पहचान बबलू खान के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार तीनों भाई-बहन जनकगंज थाना क्षेत्र के ढोलीबुआ इलाके के निवासी बताए जा रहे हैं। सूचना मिलते ही पुलिस और स्थानीय लोगों ने उन्हें पानी से बाहर निकाला।

घटना के बाद बड़े भाई इरदेश खान ने रिश्तेदारों और आसपास के लोगों पर प्रताड़ित करने का आरोप लगाया। उनका कहना है कि पारिवारिक और सामाजिक तनाव के चलते उन्होंने यह कदम उठाया। डॉक्टरों के मुताबिक बबलू खान की मौत फेफड़ों में पानी भरने के कारण हुई। बाकी दोनों का इलाज जारी है और उनकी हालत पर नजर रखी जा रही है।

बहोड़ापुर थाने के एएसआई विजेंद्र सिंह तोमर ने बताया कि सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और लोगों की मदद से तीनों को बाहर निकाला गया। उन्होंने कहा कि मामले की जांच की जा रही है और आत्मघाती कदम के पीछे के कारणों का पता लगाया जा रहा है।

Related Articles

Back to top button