अपराधपंजाब

पंजाब-हरियाणा के युवकों की एटीएम लूट की साजिश बेनकाब, मानसा पुलिस ने 5 आरोपी दबोचे, 20 लाख से ज्यादा नकदी बरामद

पंजाब के मानसा जिले में एटीएम लूट की बड़ी वारदात का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। सरदूलगढ़ उपमंडल के झुनीर कस्बे में हुई इस घटना के पीछे पंजाब और हरियाणा के युवकों का सुनियोजित गिरोह सक्रिय था। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए गिरोह के पांच सदस्यों को गिरफ्तार कर लिया है और उनके कब्जे से भारी मात्रा में नकदी बरामद की है।

31 मार्च की रात शटर तोड़कर उखाड़ ले गए थे एटीएम

जिला पुलिस प्रमुख भागीरथ सिंह मीणा ने बताया कि 31 मार्च की रात अज्ञात बदमाशों ने राष्ट्रीय राजमार्ग स्थित एक बैंक के एटीएम का शटर तोड़कर मशीन को उखाड़ लिया था। बैंक रिकॉर्ड के अनुसार, उस समय एटीएम में 33 लाख 28 हजार रुपये मौजूद थे। घटना के बाद थाना झुनीर में मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।

विशेष टीम बनाकर पुलिस ने किया खुलासा

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने विशेष टीम गठित की और तकनीकी व स्थानीय सूचनाओं के आधार पर जांच आगे बढ़ाई। इसी दौरान आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार किया गया। पकड़े गए पांच आरोपियों में तीन पटियाला जिले के, एक हरियाणा के सोनीपत का और एक सरदूलगढ़ क्षेत्र का निवासी है।

20 लाख 60 हजार रुपये नकद बरामद

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 20 लाख 60 हजार रुपये की नकदी बरामद की है। साथ ही चोरी किया गया एटीएम भी बरामद कर लिया गया है। पुलिस का कहना है कि मामले में आगे की पूछताछ जारी है और अन्य कड़ियों को भी खंगाला जा रहा है।

रेकी कर बनाई थी पूरी साजिश

पूछताछ में सामने आया है कि आरोपियों ने वारदात से पहले कई बार एटीएम की रेकी की थी। वे आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की दिशा सीमित कर देते थे और एटीएम के अंदर लगे कैमरों पर स्प्रे कर देते थे, ताकि उनकी पहचान न हो सके।

नंबर प्लेट बदलकर देते थे वारदात को अंजाम

पुलिस जांच में यह भी खुलासा हुआ कि आरोपी वारदात के दौरान इस्तेमाल होने वाली गाड़ी की नंबर प्लेट बदल लेते थे। इसके अलावा वे किसी भी आधुनिक संचार उपकरण का इस्तेमाल नहीं करते थे, जिससे उनकी लोकेशन ट्रेस न हो सके और पुलिस से बचा जा सके।

Related Articles

Back to top button