देहरादून: देहरादून में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रस्तावित दौरे को लेकर प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड में नजर आ रहा है। शनिवार को मुख्य सचिव आनन्द बर्द्धन, पुलिस महानिदेशक दीपम सेठ और शासन-प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारियों ने कार्यक्रम स्थल का स्थलीय निरीक्षण कर तैयारियों का जायजा लिया। इस दौरान सुरक्षा, यातायात और व्यवस्थाओं को लेकर विस्तृत समीक्षा की गई।
डाट काली मंदिर से महिंद्रा ग्राउंड तक व्यवस्थाओं का निरीक्षण
मुख्य सचिव और पुलिस महानिदेशक ने डाट काली मंदिर से लेकर गढ़ी कैंट स्थित महिंद्रा ग्राउंड तक पूरे रूट का निरीक्षण किया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि प्रधानमंत्री के दौरे के दौरान सुरक्षा व्यवस्था पूरी तरह चाकचौबंद रखी जाए और किसी भी स्तर पर लापरवाही न हो।

ट्रैफिक प्लान को लेकर सख्त निर्देश
निरीक्षण के दौरान मुख्य सचिव ने शहर की यातायात व्यवस्था को लेकर विशेष जोर दिया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि पीएम के दौरे के समय आम लोगों को न्यूनतम असुविधा हो, इसके लिए एक ठोस और प्रभावी ट्रैफिक प्लान तैयार किया जाए। साथ ही वैकल्पिक मार्गों और यातायात संचालन की स्पष्ट रणनीति बनाने को कहा गया।
दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे से बढ़ेगी कनेक्टिविटी और अर्थव्यवस्था
मीडिया से अनौपचारिक बातचीत में मुख्य सचिव ने दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे के महत्व पर भी प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि इस एक्सप्रेसवे के बनने से दिल्ली-एनसीआर से देहरादून पहुंचने का समय कम होगा, जिससे पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा। साथ ही चारधाम यात्रा के लिए कनेक्टिविटी बेहतर होगी और प्रदेश में आर्थिक गतिविधियों को भी गति मिलेगी।

डाट काली मंदिर में पूजा कर मांगी प्रदेश की खुशहाली
निरीक्षण के दौरान मुख्य सचिव ने डाट काली मंदिर में पूजा-अर्चना भी की और प्रदेश की सुख-समृद्धि की कामना की। इस दौरान प्रशासनिक और पुलिस अधिकारियों की टीम भी मौजूद रही।
वरिष्ठ अधिकारियों की मौजूदगी में तैयारियों को अंतिम रूप
इस मौके पर सचिव डॉ. पंकज कुमार पाण्डेय, जिलाधिकारी देहरादून सविन बंसल, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक प्रमेन्द्र सिंह डोभाल और नगर आयुक्त नमामी बंसल समेत अन्य वरिष्ठ अधिकारी भी उपस्थित रहे और उन्होंने तैयारियों को लेकर जरूरी दिशा-निर्देश प्राप्त किए।




