होर्मुज में अमेरिकी नाकाबंदी फेल, मेथेनॉल की खेप लेकर बड़े आराम से निकला चीन का मालवाहक जहाज

नई दिल्ली: अमेरिका की कोशिशों के बावजूद होर्मुज़ जलडमरूमध्य में नाकाबंदी 24 घंटे के भीतर ही विफल हो गई, जब ईरान की अनुमति से चीन का एक मालवाहक जहाज़ बिना किसी परेशानी के उस रास्ते से गुजर गया। इस जहाज़ पर लदी मेथेनॉल की खेप, जिसे अमेरिका ने पहले ही प्रतिबंधित किया था, को रोकने में अमेरिका नाकाम रहा।
सीएनएन की रिपोर्ट के अनुसार, सोमवार (13 अप्रैल) को चीनी टैंकर “रिच स्टारी” केशम द्वीप के पास से होकर होर्मुज़ जलडमरूमध्य में प्रवेश करने में सफल रहा। पहले इसे कुछ समय के लिए रोका गया था, लेकिन इसके बाद इसे आसानी से पार कर लिया गया और मंगलवार को यह ओमान की खाड़ी में देखा गया। यह जहाज़ फारस की खाड़ी से होकर अपने गंतव्य चीन के एक बंदरगाह की ओर जा रहा था। मरीन ट्रैफिक के मुताबिक, इस टैंकर का नाम पहले “फुल स्टार” था और यह हांगकांग का झंडा लेकर चल रहा था, लेकिन अब इस पर चीन का ध्वज लहराता है।
चीन के रक्षा मंत्री एडमिरल डोंग जून ने पहले ही अमेरिका को चेतावनी दी थी कि वह होर्मुज़ मामले में दखल न दे। चीन ने स्पष्ट किया था कि ईरान के साथ उसके व्यापारिक और ऊर्जा संबंध हैं और होर्मुज़ जलडमरूमध्य उनके लिए खुला होना चाहिए। अमेरिका ने अरब सागर और ओमान की खाड़ी में युद्धपोत तैनात कर रखे हैं और होर्मुज़ से गुजरने वाले जहाज़ों पर हमले की धमकी दी थी। इसके माध्यम से अमेरिका का उद्देश्य ईरान पर दबाव बनाकर उसे परमाणु हथियारों के निर्माण से रोकना है और आर्थिक नुकसान पहुंचाना है।



