झारखंड के चतरा में मां और 2 बेटियों, बोकारो में 10 वर्षीय रोहन की पानी में डूबने से मौत

झारखंड के चतरा जिले में रविवार को 35 वर्षीय एक महिला और उसकी दो बेटियों की तालाब में डूबने से मौत हो गई। अधिकारियों ने यह जानकारी दी। घटना सदर थाना क्षेत्र के बोजाया गांव में शाम करीब चार बजे उस समय हुई, जब परवा देवी अपनी दो बेटियों के साथ कपड़े धोने तालाब पर गई थीं। सदर थाना प्रभारी अवधेश कुमार ने ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया, “परवा की छोटी बेटी गहरे पानी में फिसलकर डूब गई। इसके बाद महिला और उसकी बड़ी बेटी ने उसे बचाने की कोशिश की, लेकिन वे भी डूब गईं।” उन्होंने बताया कि शवों को सदर अस्पताल में पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। चतरा के अनुमंडल अधिकारी मोहम्मद जहूर आलम ने बताया कि जिला आपदा राहत कोष (डीडीआरएफ) के तहत परिवार को प्रत्येक मृतक के लिए चार-चार लाख रुपये दिए जाएंगे।
बोकारो में 10 वर्षीय रोहन की डूबने से मौत
झारखंड के बोकारो जिले से भी इस तरह की घटना सामने आई है। यहां के चास थाना क्षेत्र के रामनगर कॉलोनी स्थित पुराना बांध तालाब में नहाने के दौरान 10 वर्षीय रोहन कुमार की डूबने से दर्दनाक मौत हो गई। पुलिस सूत्रों ने आज यहां बताया कि मेन रोड पर स्थित बांग्ला मध्य विद्यालय का यह छात्र अपने माता-पिता का एकलौता पुत्र था। कैलाश नगर, चास का रहने वाला रोहन घर से दोस्तों के पास जाने के बहाने निकला था। दोस्तों के साथ तालाब में नहाने के क्रम में वह गहराई में चला गया और डूब गया। स्थानीय लोगों को जैसे ही जानकारी मिली, उन्होंने रोहन को हॉस्पिटल ले गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। सूचना मिलते ही रोहन के घर में कोहराम मच गया। मां का रो-रोकर बुरा हाल है। परिवार और आसपास के लोग सदमे में हैं।
बोकारो में पटरी से उतरी ट्रेन, कार में लगी थी टक्कर
झारखंड के बोकारो से एक अन्य खबर भी सामने आई है। जिले में रविवार को ‘लेवल क्रॉसिंग’ पर मालगाड़ी का एक डिब्बा कार से टकराने के बाद पटरी से उतर गया। अधिकारियों ने यह जानकारी दी। अधिकारियों के अनुसार, यह दुर्घटना बोकारो थर्मल पुलिस थाना (बीटीपीएस) अंतर्गत ओवरब्रिज के पास हुई, जब मालगाड़ी दामोदर वैली कॉर्पोरेशन (डीवीसी) ऊर्जा संयंत्र से निकल रही थी।
बीटीपीएस के प्रभारी अधिकारी पिंकू कुमार ने बताया कि मालगाड़ी का एक डिब्बा पटरी से उतर गया और इस दुर्घटना में कोई घायल नहीं हुआ। मामले में जांच की जा रही है। धनबाद डिवीजन के संभागीय रेलवे प्रबंधक (डीआरएम) अखिलेश मिश्रा ने बताया, ”यह दुर्घटना तब हुई, जब ट्रेन संयंत्र में कोयला उतारने के बाद वापस लौट रही थी। उस समय लेवल क्रॉसिंग का गेट खुला था और एक वाहन उसे पार कर रहा था। ट्रेन से टक्कर के बाद कार कुछ दूरी तक घिसटती रही, जिसके बाद ट्रेन रुक गई।”



