टिहरी: उत्तराखंड के टिहरी गढ़वाल जिले में गुरुवार को भीषण सड़क हादसा हो गया। थाना चंबा क्षेत्र के चंबा-कोटी कॉलोनी मार्ग पर नैल के पास एक यूटिलिटी वाहन अनियंत्रित होकर गहरी खाई में गिर गया। इस दर्दनाक हादसे में 8 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 2 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए हैं।
दोपहर करीब साढ़े तीन बजे हुआ हादसा
पुलिस के अनुसार यह दुर्घटना गुरुवार दोपहर करीब 3:30 बजे हुई। बताया जा रहा है कि यूटिलिटी वाहन ऋषिकेश से घनसाली की ओर जा रहा था, तभी नैल के पास वाहन अनियंत्रित होकर खाई में जा गिरा। हादसा इतना भीषण था कि मौके पर ही कई लोगों ने दम तोड़ दिया।
राहत और बचाव अभियान जारी
घटना की सूचना मिलते ही थाना चंबा पुलिस, एसडीआरएफ और स्थानीय प्रशासन की टीम मौके पर पहुंच गई और तुरंत रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया गया। खाई से दो घायलों को बाहर निकाला गया, जिनमें से एक को हल्की चोटें आई हैं, जबकि दूसरे घायल की पहचान उत्तम कुमार (30 वर्ष), पुत्र पुसु के रूप में हुई है।
10 लोग थे वाहन में सवार
जानकारी के मुताबिक हादसे के समय वाहन में कुल 10 लोग सवार थे। मृतकों की पहचान अभी तक नहीं हो पाई है, जिनकी शिनाख्त की प्रक्रिया जारी है। जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी बृजेश भट्ट ने बताया कि मौके पर एंबुलेंस भेजी गई हैं और घायलों को तत्काल उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया जा रहा है।
जिलाधिकारी मौके के लिए रवाना
हादसे की गंभीरता को देखते हुए जिलाधिकारी नितिका खंडेलवाल भी घटनास्थल के लिए रवाना हो गई हैं। प्रशासन ने राहत और बचाव कार्यों को तेज कर दिया है और स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है।




