उत्तराखंड

CM धामी से हेमकुंट साहिब यात्रा 2026 की तैयारियों पर ट्रस्ट अध्यक्ष की मुलाकात, श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा को लेकर सरकार ने जताई पूर्ण प्रतिबद्धता

देहरादून: रविवार को मुख्यमंत्री आवास में मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी से गुरुद्वारा श्री हेमकुंट साहिब प्रबंधन ट्रस्ट के अध्यक्ष श्री नरेंद्र जीत सिंह बिंद्रा ने शिष्टाचार भेंट की। इस दौरान आगामी हेमकुंट साहिब यात्रा 2026 की तैयारियों और व्यवस्थाओं को लेकर विस्तृत चर्चा की गई तथा यात्रा से जुड़ी विभिन्न पहलुओं की जानकारी मुख्यमंत्री को दी गई।

यात्रा व्यवस्थाओं को लेकर मुख्यमंत्री को दी गई जानकारी

भेंट के दौरान ट्रस्ट अध्यक्ष श्री नरेंद्र जीत सिंह बिंद्रा ने मुख्यमंत्री को यात्रा से संबंधित तैयारियों और व्यवस्थाओं से अवगत कराया। उन्होंने आगामी यात्रा के सुचारू संचालन को लेकर चल रहे कार्यों की भी जानकारी साझा की।

पहले जत्थे के विदाई समारोह का दिया गया आमंत्रण

इस अवसर पर श्री बिंद्रा ने मुख्यमंत्री को 20 मई 2026 को आयोजित होने वाले श्री हेमकुंट साहिब यात्रा 2026 के पहले जत्थे के विदाई समारोह में शामिल होने के लिए औपचारिक रूप से आमंत्रित किया। उन्होंने बताया कि यह परंपरागत आयोजन श्रद्धा और आस्था के साथ सम्पन्न होता है, जिसमें पहले जत्थे का नेतृत्व पारंपरिक रूप से पंज प्यारों द्वारा किया जाएगा।

श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा को लेकर सरकार की प्राथमिकता

मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि शासन और प्रशासन की ओर से श्रद्धालुओं की सुविधा एवं सुरक्षा के लिए हर संभव सहायता सुनिश्चित की जा रही है। उन्होंने स्पष्ट किया कि यात्रा व्यवस्थाओं की लगातार निगरानी की जा रही है, ताकि किसी भी श्रद्धालु को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।

मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि राज्य सरकार हेमकुंट साहिब यात्रा को सफल, सुगम और व्यवस्थित बनाने के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है।

23 मई 2026 को खुलेंगे हेमकुंट साहिब के कपाट

ट्रस्ट अध्यक्ष ने जानकारी दी कि श्री हेमकुंट साहिब यात्रा 2026 के कपाट 23 मई 2026 को खोले जाएंगे। उन्होंने बताया कि इस पावन यात्रा में लाखों श्रद्धालु शामिल होकर गुरु गोबिंद सिंह जी की तपोभूमि के दर्शन करेंगे और आध्यात्मिक आस्था का अनुभव प्राप्त करेंगे।

Related Articles

Back to top button