MP : कटनी में मानवता शर्मसार! घायल को हॉस्पिटल लाने के एवज में मांगे पैसे, पत्नी से धुलवाई एंबुलेंस

कटनी : मध्य प्रदेश (MP) के कटनी जिले से मानवता को शर्मसार कर देने वाली घटना सामने आई है. जहां एक ओर सड़क हादसे में घायल मरीज जिंदगी और मौत से जूझ रहा था तो वहीं दूसरी ओर 108 एंबुलेंस का कर्मचारी अपनी जिम्मेदारी भूलकर इंसानियत को तार-तार करता नजर आया. आरोप है कि कर्मचारी ने न सिर्फ मरीज के परिजनों से पैसे लिए बल्कि गाड़ी गंदी होने पर उन्हीं से एंबुलेंस की सफाई भी करवाई. अब इस पूरी घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है. जिसके बाद कटनी जिला अस्पताल के सिविल सर्जन ने 108 ड्राइवर को नोटिस जारी करते हुए जवाब तलब किया है.
जानकारी के मुताबिक कटनी जिले के ग्राम करेला के पास हुए सड़क हादसे में 32 वर्षीय राहुल बर्मन सड़क दुर्घटना में गंभीर रूप से घायल हो गए थे. जिन्हें 108 एंबुलेंस वाहन से जिला अस्पताल लाया गया था. अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद जब उनकी हालत नाजुक बनी रही तो डॉक्टरों ने उन्हें बेहतर इलाज के लिए जबलपुर रेफर कर दिया. इसी दौरान कटनी जिला अस्पताल परिसर में मौजूद 108 एंबुलेंस के कर्मचारी जिसका नाम मोहित बताया जा रहा है उसने अपनी जिम्मेदारियों को दरकिनार करते हुए मरीज के परिजनों के साथ अमानवीय व्यवहार किया. जिसका वीडियो किसी ने रिकॉर्ड कर सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया.
वायरल वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि एक महिला परिजन एंबुलेंस को धोती नजर आ रही है. जबकि मौके पर मौजूद कर्मचारी खड़ा होकर यह सब होता देख रहा है. यह दृश्य न सिर्फ स्वास्थ्य व्यवस्था की संवेदनहीनता को उजागर करता है बल्कि 108 जैसी जीवनरक्षक सेवा पर भी गंभीर सवाल खड़े करता है. घटना के सामने आने के बाद लोगों में गुस्सा साफ देखा जा रहा है.
सोशल मीडिया पर लोग सवाल उठा रहे हैं कि क्या अब अस्पतालों में इलाज के साथ-साथ परिजनों को ऐसी जिम्मेदारियां भी निभानी होंगी? क्या आपातकालीन सेवाएं अब आम लोगों के लिए बोझ बनती जा रही हैं? वही पूरे मामले पर कटनी जिला अस्पताल के सिविल सर्जन डॉ. यशवंत वर्मा ने बताया कि सोशल में वायरल हुआ वीडियो हमारे पास आया है. जिसे संज्ञान लेते हुए 108 प्रभारी और एंबुलेंस ड्राइवर को नोटिस जारी करते हुए 1 सप्ताह के भीतर जवाब मांगा है, उचित जवाब न मिलने पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी.



