मध्य प्रदेशराज्य

बरगी क्रूज हादसे पर सरकार का बड़ा एक्शन, पायलट-हेल्पर समेत तीन बर्खास्त, मैनेजर सस्पेंड; सीएम ने दिए सख्त निर्देश

भोपाल/जबलपुर में बरगी जलाशय में गुरुवार शाम हुए दर्दनाक क्रूज हादसे के बाद प्रशासन ने त्वरित और सख्त कार्रवाई करते हुए जिम्मेदार अधिकारियों और कर्मचारियों पर बड़ी कार्रवाई की है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के निर्देश के बाद पूरे मामले में लापरवाही को गंभीरता से लेते हुए कई स्तरों पर कार्रवाई की गई है।

तीन कर्मचारियों की सेवाएं समाप्त, एक मैनेजर निलंबित

प्रशासन ने क्रूज संचालन से जुड़े पायलट महेश पटेल, हेल्पर छोटेलाल गोंड और टिकट काउंटर प्रभारी (FOA) बृजेंद्र की सेवाएं तत्काल प्रभाव से समाप्त कर दी हैं। इसके साथ ही होटल मैकल रिसॉर्ट और बोट क्लब बरगी के मैनेजर सुनील मरावी को कार्य में लापरवाही बरतने के आरोप में निलंबित कर दिया गया है।

रीजनल मैनेजर पर विभागीय जांच शुरू

मामले की गंभीरता को देखते हुए रीजनल मैनेजर संजय मल्होत्रा को मुख्यालय अटैच कर दिया गया है। उनके खिलाफ विभागीय जांच भी शुरू कर दी गई है, ताकि हादसे से जुड़ी पूरी जिम्मेदारी और परिस्थितियों की विस्तृत जांच की जा सके।

सीएम का सख्त संदेश, किसी को नहीं मिलेगी राहत

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने अपने आधिकारिक सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर इस कार्रवाई की जानकारी साझा करते हुए स्पष्ट संदेश दिया कि इस गंभीर हादसे के लिए जिम्मेदार किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने पीड़ित परिवारों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त करते हुए सरकार की ओर से हर संभव सहायता उपलब्ध कराने का आश्वासन भी दिया।

Related Articles

Back to top button