भोपाल में 24वीं कुमार सुरेन्द्र सिंह मेमोरियल शूटिंग चैंपियनशिप में रोमांचक मुकाबले, देशभर के निशानेबाजों ने दिखाया दम

भोपाल। मध्यप्रदेश राज्य शूटिंग अकादमी, भोपाल में आयोजित 24वीं कुमार सुरेन्द्र सिंह मेमोरियल शूटिंग चैंपियनशिप के तहत रविवार को 10 मीटर एयर राइफल मिक्स्ड टीम सीनियर, जूनियर और यूथ वर्ग की स्पर्धाओं में रोमांचक मुकाबले देखने को मिले। देशभर से पहुंचे खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए अपनी प्रतिभा का परिचय दिया।
खेल एवं युवा कल्याण विभाग के अंतर्गत आयोजित इस राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता में विभिन्न राज्यों, रेलवे, सेना और अन्य संस्थानों के खिलाड़ी हिस्सा ले रहे हैं।
सीनियर वर्ग में राजस्थान की जोड़ी ने जीता स्वर्ण
10 मीटर एयर राइफल मिक्स्ड टीम सीनियर वर्ग में राजस्थान के दिव्यांश एस पंवार और मनीषा की जोड़ी ने बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए 503.6 अंक हासिल किए और स्वर्ण पदक अपने नाम किया।
रेलवे की अर्जुन बाबूता और सोनम उत्तम की टीम ने 502.5 अंक के साथ रजत पदक हासिल किया। वहीं पश्चिम बंगाल के अभिनव शॉ और इस्मिता की जोड़ी ने 438.3 अंक अर्जित कर कांस्य पदक जीता।
जूनियर वर्ग में हरियाणा का शानदार प्रदर्शन
जूनियर वर्ग में हरियाणा की अमीरा और रोहित कन्यन की जोड़ी ने 501.9 अंक अर्जित कर स्वर्ण पदक पर कब्जा जमाया।
पश्चिम बंगाल के अभिनव शॉ और स्वास्तिका ने 501.0 अंक के साथ रजत पदक हासिल किया, जबकि महाराष्ट्र की अवनी राठौड़ और प्रीतम केंद्रे की टीम ने 432.8 अंक के साथ कांस्य पदक जीता।
यूथ वर्ग में महाराष्ट्र की जोड़ी रही सबसे आगे
10 मीटर एयर राइफल मिक्स्ड टीम यूथ वर्ग में महाराष्ट्र की शाम्भवी और वेदांत वाघमारे की जोड़ी ने 496.6 अंक हासिल कर स्वर्ण पदक अपने नाम किया।
उत्तर प्रदेश के अंश डबास और कोपल ने 496.1 अंक के साथ रजत पदक जीता। वहीं पश्चिम बंगाल के स्वास्तिका और अभिनव शॉ ने 434.7 अंक अर्जित कर कांस्य पदक हासिल किया।
15 मई तक चलेंगी प्रतियोगिताएं
प्रतियोगिता का आयोजन 3 मई 2026 से 15 मई 2026 तक भोपाल स्थित मध्यप्रदेश राज्य शूटिंग अकादमी में किया जा रहा है। आगामी दिनों में विभिन्न राइफल स्पर्धाओं का आयोजन भी किया जाएगा।
इस राष्ट्रीय प्रतियोगिता को युवाओं में शूटिंग खेल के प्रति रुचि, अनुशासन और प्रतिस्पर्धात्मक भावना बढ़ाने की दिशा में महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
खेल मंत्री विश्वास कैलाश सारंग ने दी बधाई
सहकारिता, खेल एवं युवा कल्याण मंत्री विश्वास कैलाश सारंग ने प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को बधाई और शुभकामनाएं दीं।
उन्होंने कहा कि इस तरह की राष्ट्रीय प्रतियोगिताएं खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा निखारने और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर बेहतर प्रदर्शन के लिए प्रेरित करती हैं। उन्होंने विश्वास जताया कि प्रदेश में विकसित खेल अधोसंरचना और अकादमियों के माध्यम से देश को भविष्य में और बेहतर खिलाड़ी मिलते रहेंगे।



