मेरठ में बोले नगीना सांसद चंद्रशेखर, ASP मेरठ की सातों विधानसभा सीटों पर लड़ेगे चुनाव
मेरठ पहुंचकर आसपा राष्ट्रीय अध्यक्ष चंद्रशेखर ने पार्टी कार्यकर्ताओं को संबोधित किया
मेरठ। बिजनौर के नगीना लोकसभा क्षेत्र से सांसद और आजाद समाज पार्टी (आसपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष चंद्रशेखर आजाद मेरठ पहुंचे। मेरठ पहुंचकर सांसद चंद्रशेखर आजाद ने पार्टी कार्यकर्ताओं को संबोधित किया।
मेरठ की सभी सीटों पर पार्टी लड़ेगी चुनाव
सांसद चंद्रशेखर आजाद की उपस्थिति में समाजवादी पार्टी (सपा) और बहुजन समाज पार्टी (बसपा) सहित अन्य राजनीतिक दलों के नेताओं ने आसपा की सदस्यता ली। सांसद चंद्रशेखर ने कहा कि इस बार लाठी-गोली की सरकार नहीं चलेगी। विधानसभा चुनाव 2027 में मेरठ की सातों विधानसभा सीटों पर आजाद समाज पार्टी चुनाव लड़ेगी। सभी सातों सीटों पर आजाद समाज पार्टी अपने उम्मीदवार उतारेगी।
सांसद चंद्रशेखर का सभी नेताओं ने किया गर्मजोशी से स्वागत
मेरठ पहुंचे पर आसपा के सांसद चंद्रशेखर आजाद ने पार्टी में शामिल होने वाले सभी नेताओं का गर्मजोशी से स्वागत किया। सांसद चंद्रशेखर आजाद ने सपा नेता बाबर चौहान खरदौनी, सपा नेता दिलशाद भाटी, तौफीक इलाही और अन्य प्रमुख नेताओं को आसपा पार्टी का पटका पहनाकर आजाद समाज पार्टी में शामिल कराया।
मेरठ में मजबूत हो रही आजाद समाज पार्टी
मेरठ में आसपा की राजनीतिक पैठ मजबूत हो रही है। आज बुधवार का कार्यक्रम भी इसी दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। सांसद चंद्रशेखर आजाद ने पार्टी की विचारधारा और राजनीतिक गतिविधियों के बारे में जानकारी दी। उन्होंने कहा कि आसपा समाज के सभी वर्ग के हित की रक्षा के लिए संकल्पित है। उनका लक्ष्य एक ऐसे समाज का निर्माण करना है जहां समानता और न्याय का वास हो। उन्होंने नए सदस्यों से पार्टी को मजबूत करने और जमीनी स्तर पर लोगों से जुड़ने का आह्वान किया। सपा छात्र सभा के राष्ट्रीय महासचिव बाबर चौहान खरदौनी और अन्य के आसपा में शामिल होने से पार्टी की स्थिति मेरठ में मजबूत होने की उम्मीद जताई है।
मेरठ की धरती पर आना आना मेरा सौभाग्य
सांसद चंद्रशेखर ने कहा कि मैं धन्यवाद करता हूं उनको जिन्होंने आज़ाद समाज पार्टी में अपनी आस्था दिखाई। मेरठ से 1857 की क्रांति शुरू हुई थी। जिसने अंग्रेजों को खदेड दिया था। जो अंग्रेज कहते थे कि भारत कभी आज़ाद नहीं होगा। उनको भारत छोड़कर भागना पड़ा। आज उसी मेरठ की धरती पर आना आना मेरा सौभाग्य है। उन्होंने कहा कि बाबर चौहान के आसपा में शामिल होने से पार्टी को बल मिलेगा।



