पर्यटन

दिल्ली से महज 300 किलोमीटर के दायरे में बसे ये 5 खूबसूरत हिल स्टेशन, वीकेंड पर घूमने का बन सकता है परफेक्ट प्लान

वीकेंड आते ही लोगों के सामने सबसे बड़ा सवाल यही होता है कि आखिर इस छोटे से ब्रेक में कहां जाया जाए और क्या किया जाए। अगर आप भी इसी दुविधा में हैं तो आपके लिए राहत की खबर है। दिल्ली के आसपास 300 किलोमीटर के दायरे में कई ऐसे खूबसूरत हिल स्टेशन मौजूद हैं, जहां आप कम समय में पहुंचकर न सिर्फ सुकून के पल बिता सकते हैं, बल्कि जल्द ही वापस भी लौट सकते हैं। कम दूरी होने की वजह से यहां का ट्रिप न सिर्फ समय की बचत कराता है, बल्कि बजट फ्रेंडली भी साबित होता है। प्राकृतिक सुंदरता, ठंडी हवाएं और शांत माहौल इन जगहों को वीकेंड ट्रिप के लिए बेहतरीन विकल्प बनाते हैं।

1. लैंसडाउन
उत्तराखंड के पौड़ी गढ़वाल जिले में स्थित लैंसडाउन एक शांत और बेहद सुकून देने वाला हिल स्टेशन है। यह ब्रिटिश काल से ही अपनी खास पहचान रखता है। दिल्ली से करीब 248 किलोमीटर दूर यह जगह घने ओक और देवदार के जंगलों से घिरी हुई है। यहां का मौसम पूरे साल सुहावना रहता है। पक्षी दर्शन, प्रकृति के बीच सुकून भरे पल और शांत वातावरण इसे वीकेंड डेस्टिनेशन के रूप में खास बनाते हैं।

2. कसौली
हिमाचल प्रदेश के सोलन जिले में स्थित कसौली दिल्ली से लगभग 290 किलोमीटर की दूरी पर है। यह छोटा सा हिल स्टेशन अपनी शांति और प्राकृतिक खूबसूरती के लिए जाना जाता है। यहां कैंपिंग और जंगलों के बीच समय बिताना लोगों को खूब पसंद आता है। सालभर सुहावना मौसम रहने की वजह से यह जगह खासकर दिल्ली के लोगों के लिए एक लोकप्रिय विकल्प बन चुकी है।

3. भीमताल
उत्तराखंड का भीमताल दिल्ली से करीब 296 किलोमीटर दूर स्थित है। यह अपनी सुंदर झीलों के लिए प्रसिद्ध है। यहां पर्यटक बोटिंग का आनंद ले सकते हैं और आसपास के मंदिरों के दर्शन भी कर सकते हैं। इसके साथ ही स्थानीय बाजारों में शॉपिंग का अनुभव भी इस जगह की यात्रा को और खास बना देता है।

4. मसूरी
उत्तराखंड की प्रसिद्ध हिल स्टेशन मसूरी दिल्ली से लगभग 279 किलोमीटर की दूरी पर स्थित है। यहां की हसीन वादियां और हल्की धूप पर्यटकों को खास अनुभव देती हैं। मसूरी में ब्रिटिश काल की कई ऐतिहासिक धरोहरें भी देखने को मिलती हैं, जो इसे और आकर्षक बनाती हैं।

5. नैनीताल
दिल्ली से करीब 287 किलोमीटर दूर स्थित नैनीताल झीलों का शहर कहलाता है। यह जगह वीकेंड ट्रिप के लिए बेहद लोकप्रिय है। यहां कई झीलें, बाजार और दर्शनीय स्थल मौजूद हैं। नैना देवी मंदिर, पाषाण देवी मंदिर और हनुमानगढ़ी जैसे धार्मिक स्थल भी पर्यटकों के आकर्षण का केंद्र हैं। प्राकृतिक सुंदरता और शांत वातावरण इसे एक परफेक्ट गेटवे बनाते हैं।

Related Articles

Back to top button