मध्य प्रदेशराज्य

दुष्कर्म पीड़िता को एमएलसी के लिए 5 घंटे इंतजार, डॉक्टर की तलाश में भटकती रही पुलिस

छिंदवाड़ा : जिला अस्पताल में स्वास्थ्य व्यवस्था की गंभीर लापरवाही का मामला सामने आया है। दुष्कर्म की शिकार 40 वर्षीय महिला को मेडिकल जांच यानी एमएलसी के लिए करीब पांच घंटे तक इंतजार करना पड़ा। इस दौरान पीड़िता को लेकर पहुंची महिला पुलिसकर्मी अस्पताल परिसर में महिला डॉक्टर की तलाश में भटकती रही, लेकिन लंबे समय तक जांच नहीं हो सकी।

जानकारी के अनुसार, सांवरी चौकी से महिला एएसआई ऊषा जावरकर गुरुवार दोपहर करीब 1:30 बजे पीड़िता को मेडिकल जांच के लिए जिला अस्पताल लेकर पहुंचीं थीं। लेकिन अस्पताल में उस समय महिला डॉक्टर मौजूद नहीं थीं, जिसके कारण एमएलसी प्रक्रिया शुरू नहीं हो सकी।

डॉक्टर से संपर्क की कोशिशें नाकाम

महिला एएसआई ने संबंधित महिला डॉक्टर से कई बार संपर्क करने की कोशिश की, लेकिन उनका मोबाइल फोन रिसीव नहीं हुआ। इस दौरान पीड़िता अस्पताल में घंटों परेशान और असहज स्थिति में बैठी रही।

मामले की गंभीरता को देखते हुए महिला एएसआई ने चौकी प्रभारी मुकेश द्विवेदी को जानकारी दी। इसके बाद सिविल सर्जन डॉ. सुशील दुबे से संपर्क किया गया और स्थिति से अवगत कराया गया।

5 घंटे बाद पहुंची डॉक्टर, पूरी हुई मेडिकल जांच

अधिकारियों के हस्तक्षेप के बाद करीब शाम 6:10 बजे महिला डॉक्टर जिला अस्पताल पहुंचीं। इसके बाद पीड़िता की मेडिकल जांच और एमएलसी की प्रक्रिया पूरी की जा सकी।

बताया गया कि दुष्कर्म के दौरान आरोपी ने पीड़िता के साथ झूमाझटकी भी की थी, जिससे उसे चोटें आई हैं। पीड़िता मानसिक और शारीरिक रूप से काफी परेशान थी, लेकिन उसे घंटों अस्पताल में इंतजार करना पड़ा।

घटना का पूरा घटनाक्रम

पुलिस के अनुसार, पीड़िता बुधवार रात गांव से खेत स्थित घर की ओर जा रही थी। इसी दौरान रास्ते में उसके रिश्ते के चाचा ने उसे रोक लिया और उसके साथ दुष्कर्म की घटना को अंजाम दिया।

घटना के बाद गुरुवार सुबह पीड़िता अपने पति के साथ पुलिस चौकी पहुंची, जहां से उसे मेडिकल जांच के लिए जिला अस्पताल भेजा गया था। लेकिन वहां लंबे इंतजार के बाद भी समय पर चिकित्सा सुविधा नहीं मिल सकी, जिससे अस्पताल की व्यवस्था पर सवाल खड़े हो गए हैं।

Related Articles

Back to top button