मध्य प्रदेशराज्य

रतलाम के पास चलती राजधानी एक्सप्रेस में लगी भीषण आग, 68 यात्रियों को सुरक्षित निकाला गया

रतलाम: मध्य प्रदेश के रतलाम जिले में रविवार तड़के बड़ा रेल हादसा होते-होते टल गया। लूनीरीछा और विक्रमगढ़ आलोट रेलवे स्टेशन के बीच त्रिवेंद्रम-हजरत निजामुद्दीन राजधानी एक्सप्रेस के एसी कोच में अचानक भीषण आग लग गई। घटना के बाद ट्रेन में अफरा-तफरी मच गई और यात्रियों में चीख-पुकार शुरू हो गई। हालांकि गार्ड, आरपीएफ जवानों और रेलवे कर्मचारियों की सतर्कता से सभी 68 यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया।

जानकारी के मुताबिक राजधानी एक्सप्रेस नागदा से कोटा की ओर जा रही थी। सुबह करीब 5:15 बजे बी-1 कोच के पास से धुआं उठता दिखाई दिया। कुछ ही देर में आग ने विकराल रूप ले लिया और पूरा कोच उसकी चपेट में आ गया।

गार्ड और आरपीएफ की सूझबूझ से टला बड़ा हादसा

घटना की जानकारी मिलते ही ट्रेन के गार्ड ने तुरंत वॉकी-टॉकी के जरिए लोको पायलट को सूचना दी, जिसके बाद ट्रेन को तत्काल रोका गया। आरपीएफ जवानों और रेलवे कर्मचारियों ने तेजी से कार्रवाई करते हुए कोच के दरवाजे और खिड़कियां खोलकर यात्रियों को बाहर निकालना शुरू किया।

करीब 15 मिनट के भीतर पूरे कोच को खाली करा लिया गया। रेलवे अधिकारियों के अनुसार बी-1 कोच में कुल 68 यात्री सवार थे। सभी को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। हालांकि अफरा-तफरी के दौरान एक महिला के पैर में फ्रैक्चर होने की जानकारी सामने आई है।

दिल्ली-मुंबई रेल मार्ग प्रभावित

हादसे के बाद सुरक्षा के मद्देनजर दिल्ली-मुंबई मुख्य रेल मार्ग पर ट्रेनों की आवाजाही अस्थायी रूप से रोक दी गई। रेलवे ने प्रभावित ट्रेन का बिजली कनेक्शन भी काट दिया ताकि आग और न फैल सके।

रेलवे अधिकारियों ने बताया कि राहत और बचाव कार्य के बाद मुंबई दिशा की अप लाइन को चालू कर दिया गया है, लेकिन फिलहाल दोनों दिशाओं की ट्रेनों का संचालन एक ही लाइन से किया जा रहा है। जले हुए कोच को हटाने का काम जारी है।

मदद के लिए जा रही वैन भी हादसे का शिकार

घटना की सूचना मिलते ही रेलवे और प्रशासन के अधिकारी मौके पर पहुंच गए। पुलिस बल और दमकल की गाड़ियां भी घटनास्थल पर भेजी गईं। स्थानीय लोगों ने भी यात्रियों की मदद में सहयोग किया।

इसी बीच राहत कार्य के लिए आलोट से रवाना की गई एक कैजुअल्टी वैन शामगढ़ और सुवासरा के बीच खाई में पलट गई। हादसे में वैन में सवार पांच से अधिक लोग घायल हो गए, जिन्हें एंबुलेंस से कोटा रेफर किया गया। अधिकारियों के मुताबिक सभी घायलों की हालत स्थिर है।

कई ट्रेनें रास्ते में रोकी गईं

घटना के बाद कई ट्रेनों को अलग-अलग स्टेशनों पर रोका गया। नई दिल्ली-इंदौर इंटरसिटी एक्सप्रेस को सुवासरा स्टेशन पर रोका गया, जबकि नई दिल्ली-डॉ. अंबेडकर नगर एक्सप्रेस रामगंजमंडी स्टेशन पर खड़ी रही।

इसके अलावा देहरादून-बांद्रा टर्मिनस एक्सप्रेस, गोरखपुर-दादर स्पेशल, स्वराज एक्सप्रेस, नई दिल्ली-मुंबई दुरंतो एक्सप्रेस और पुणे-हिसार स्पेशल ट्रेन भी प्रभावित रहीं।

इंदौर आने-जाने वाले यात्रियों को परेशानी

घटना के कारण इंदौर आने-जाने वाली कई ट्रेनों का संचालन प्रभावित हुआ। खासकर नई दिल्ली-इंदौर इंटरसिटी और डॉ. अंबेडकर नगर जाने वाली ट्रेनों के यात्री लंबे समय तक रास्ते में फंसे रहे। रेलवे के अनुसार कई ट्रेनें तय समय से दो घंटे से ज्यादा देरी से चल रही हैं फिलहाल रेलवे ने आग लगने के कारणों की जांच शुरू कर दी है। शुरुआती तौर पर तकनीकी खराबी की आशंका जताई जा रही है।

Related Articles

Back to top button