हरियाणा

महेंद्रगढ़ CIA की बड़ी कार्रवाई: नसीबपुर जानलेवा हमले का फरार आरोपी वासु साथी समेत गिरफ्तार, फर्जी नंबर प्लेट वाली गाड़ी भी जब्त

महेंद्रगढ़: हरियाणा के महेंद्रगढ़ जिले में सीआईए टीम को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने नसीबपुर में हुए जानलेवा हमले के मामले में लंबे समय से फरार चल रहे मुख्य आरोपियों में शामिल वासु निवासी खायरा को उसके साथी विपिन निवासी सराय बहादुर के साथ गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने दोनों आरोपियों को देर रात गश्त के दौरान आदर्श कॉलोनी इलाके से दबोचा।

जानकारी के मुताबिक, सीआईए महेंद्रगढ़ की टीम 17 और 18 मई की रात इलाके में गश्त कर रही थी। इसी दौरान पुलिस को एक संदिग्ध कार दिखाई दी। टीम ने वाहन को रुकवाकर जांच की तो पता चला कि कार पर फर्जी नंबर प्लेट लगी हुई थी। पुलिस ने तुरंत गाड़ी को कब्जे में लेकर जांच शुरू की, जिसमें सामने आया कि वाहन आरोपी विपिन का है।

नसीबपुर हमले के मामले में थी तलाश

पुलिस के अनुसार, यह गिरफ्तारी 17 दिसंबर को थाना शहर नारनौल क्षेत्र के नसीबपुर में हुए जानलेवा हमले से जुड़ी हुई है। मामले में नरेंद्र निवासी डोहर कलां ने शिकायत दर्ज कराई थी कि उसके भाई विक्रांत पर बाबा जेठू वाला मंदिर के पास सुनियोजित तरीके से हमला किया गया था। आरोपियों ने लोहे की रॉड, डंडों और अवैध हथियारों से हमला कर उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया था।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और सीन ऑफ क्राइम टीम मौके पर पहुंची थी और घटनास्थल से कई अहम साक्ष्य जुटाए गए थे। इसके बाद थाना शहर नारनौल में भारतीय न्याय संहिता की गंभीर धाराओं और आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई थी।

अब तक 11 आरोपी हो चुके हैं गिरफ्तार

पुलिस ने बताया कि इस मामले में पहले ही 11 अन्य आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है। अब फरार चल रहे मुख्य आरोपी वासु की गिरफ्तारी को जांच में बड़ी सफलता माना जा रहा है। आरोपी विपिन को कोर्ट में पेश करने के बाद न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया, जबकि वासु को पूछताछ के लिए पुलिस रिमांड पर लिया गया है।

अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी

जिला पुलिस ने साफ कहा है कि कानून व्यवस्था बिगाड़ने वालों को किसी भी हाल में बख्शा नहीं जाएगा। पुलिस का कहना है कि जिले में अपराध और अपराधियों के लिए कोई जगह नहीं है और आगे भी ऐसे तत्वों के खिलाफ लगातार सख्त अभियान जारी रहेगा।

Related Articles

Back to top button