उत्तर प्रदेशराज्य

काशी पंचक्रोशी यात्रा में अव्यवस्था पर भड़के महामंडलेश्वर, शिवपुर पहुंचकर प्रशासनिक इंतजामों पर उठाए सवाल

वाराणसी: पुरुषोत्तम मास के दौरान काशी की पवित्र पंचक्रोशी यात्रा पर निकले कैलाश मठ के महामंडलेश्वर स्वामी आशुतोषानंद गिरि महाराज ने यात्रा मार्ग पर श्रद्धालुओं के लिए की गई व्यवस्थाओं को लेकर प्रशासन पर गंभीर सवाल खड़े किए हैं। मंगलवार सुबह अपने करीब डेढ़ सौ भक्तों के साथ यात्रा के चौथे पड़ाव शिवपुर पहुंचे महामंडलेश्वर व्यवस्थाओं से नाखुश नजर आए।

शिवपुर स्थित प्राचीन हनुमान धर्मशाला पहुंचने के बाद महामंडलेश्वर ने बताया कि यात्रा के तीसरे पड़ाव भीमचंडी में भी धर्मशाला परिसर में भारी गंदगी और अव्यवस्था देखने को मिली थी। उन्होंने कहा कि इस संबंध में जिलाधिकारी और मुख्य विकास अधिकारी को वीडियो भेजकर जानकारी दी गई थी, लेकिन इसके बावजूद हालात में कोई सुधार नहीं हुआ।

धर्मशालाओं में ताले, पानी और सफाई की समस्या

महामंडलेश्वर ने आरोप लगाया कि शिवपुर स्थित राजा गोकुल चंद्र धर्मशाला और रामलीला मैदान की धर्मशाला में प्रशासन द्वारा ताले लगा दिए गए हैं। वहीं हनुमान धर्मशाला में पानी सप्लाई करने वाली मोटर खराब होने के कारण शौचालयों में पानी की गंभीर किल्लत बनी हुई है। इसके साथ ही सफाई व्यवस्था भी बेहद खराब बताई गई।

उन्होंने कहा कि यदि उनके शिष्य अपने साथ कूलर, गद्दे और अन्य जरूरी सामान लेकर न चलते तो श्रद्धालुओं को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ता। महामंडलेश्वर ने कहा कि पंचक्रोशी यात्रा आस्था और उत्सव का प्रतीक है और इसे श्रद्धा एवं बेहतर व्यवस्थाओं के साथ संपन्न कराया जाना चाहिए।

मंदिरों में दर्शन-पूजन और प्रवचन का आयोजन

यात्रा के दौरान महामंडलेश्वर स्वामी आशुतोषानंद गिरि महाराज और उनके साथ आए श्रद्धालुओं ने प्राचीन पंच पांडेश्वर मंदिर, माता द्रौपदी कुंड मंदिर और नर्मदेश्वर मंदिर में विधि-विधान से दर्शन-पूजन किया।

हनुमान धर्मशाला में आयोजित प्रवचन के दौरान उन्होंने कहा कि काशी में निवास करने मात्र से व्यक्ति के पाप समाप्त हो जाते हैं, लेकिन यदि तीर्थ क्षेत्र में रहते हुए कोई त्रुटि हो जाए तो उसके प्रायश्चित के लिए पंचक्रोशी यात्रा अत्यंत पुण्यदायी मानी जाती है।

दर्शन-पूजन और रुद्राभिषेक के बाद महामंडलेश्वर अपने श्रद्धालुओं के साथ मंगलवार शाम करीब छह बजे पंचक्रोशी यात्रा के पांचवें पड़ाव कपिलधारा के लिए रवाना हो गए।

Related Articles

Back to top button