उत्तराखंडराज्य

उत्तराखंड में गर्मी का कहर, हल्द्वानी में 40 डिग्री के करीब पहुंचा पारा; अगले एक हफ्ते और बढ़ेगी तपिश

हल्द्वानी: उत्तराखंड के तराई-भाबर क्षेत्र में गर्मी ने खतरनाक तेवर दिखाने शुरू कर दिए हैं। सूरज की तीखी तपिश से जनजीवन बेहाल हो गया है और कुमाऊं के प्रवेश द्वार हल्द्वानी में तापमान लगातार नए रिकॉर्ड की ओर बढ़ रहा है। मंगलवार को शहर का अधिकतम तापमान 39.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि मौसम विभाग ने आने वाले दिनों में पारा 41 डिग्री तक पहुंचने की आशंका जताई है।

भीषण गर्मी के बीच शहर और आसपास के इलाकों में बिजली और पानी का संकट लोगों की मुश्किलें और बढ़ा रहा है। पेयजल आपूर्ति प्रभावित होने से लोगों को टैंकरों के सहारे पानी जुटाना पड़ रहा है। वहीं ऊर्जा निगम की ओर से हो रही बिजली कटौती ने उमस और गर्मी के बीच हालात और गंभीर कर दिए हैं।

एक सप्ताह तक राहत के आसार नहीं

मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार आगामी एक सप्ताह तक मैदानी इलाकों में भीषण गर्मी का असर जारी रहने की संभावना है। हल्द्वानी और आसपास के क्षेत्रों में तापमान लगातार बढ़ रहा है। मंगलवार को अधिकतम तापमान में 0.3 डिग्री की बढ़ोतरी दर्ज की गई, जबकि न्यूनतम तापमान 25.1 डिग्री सेल्सियस रहा। दोपहर के समय तेज धूप और गर्म हवाओं के कारण लोग घरों से बाहर निकलने से बच रहे हैं।

10 हजार से ज्यादा लोग पानी संकट से परेशान

शहर के इंदिरा नगर क्षेत्र में पानी की सबसे गंभीर समस्या बनी हुई है। इंदिरा नगर छोटी सड़क, बड़ी सड़क, मोहम्मदी चौक, दुर्गा मंदिर समेत करीब एक दर्जन इलाकों में पिछले एक सप्ताह से पेयजल संकट बना हुआ है। इससे 10 हजार से अधिक आबादी प्रभावित हो रही है।

स्थानीय लोगों का कहना है कि सरकारी टैंकरों से पर्याप्त पानी नहीं मिल पा रहा, जिसके चलते उन्हें दूसरे इलाकों से बाल्टियों में पानी लाना पड़ रहा है। आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के लिए यह संकट और भारी पड़ रहा है।

स्कूलों में मिड-डे मील बनाने तक में दिक्कत

पानी की कमी का असर सरकारी स्कूलों पर भी दिखाई देने लगा है। कई स्कूलों में मध्याह्न भोजन तैयार करने में परेशानी हो रही है। स्थानीय लोगों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द समस्या का समाधान नहीं हुआ तो आंदोलन किया जाएगा।

चौफुला क्षेत्र में नलकूप खराब होने से 5000 से अधिक लोग प्रभावित हैं। वहीं दमुवाढूंगा, कुसुखेड़ा और पनियाली के अंतिम छोर वाले घरों तक भी पर्याप्त पानी नहीं पहुंच पा रहा है।

बिजली कटौती ने बढ़ाई परेशानी

ऊर्जा निगम ने मंगलवार को रानीबाग क्षेत्र में उपकेंद्र में कार्य का हवाला देते हुए दोपहर 12 बजे से एक बजे तक बिजली कटौती की। वहीं बुधवार को गौलापार क्षेत्र में सुबह 10 बजे से दोपहर दो बजे तक शटडाउन लेने की जानकारी दी गई है। लगातार हो रही बिजली कटौती के कारण लोगों को भीषण गर्मी में भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।

Related Articles

Back to top button