मेरठ में लूट की घटना में शामिल तीन बदमाश दबोचे, सहयोगी पुलिसकर्मी भी गिरफ्तार
धोखाधड़ी में प्रयुक्त नकली नोटों की 37 गड्डियां बरामद की गई हैं।
Meerut News: मेरठ के थाना भावनपुर पुलिस द्वारा लूट की घटना का अनावरण करते हुए घटना में शामिल तीन अभियुक्तों सहित सहयोग के आरोप में दो पुलिसकर्मी गिरफ्तार किए गए हैं। आरोपियों के पास से नकदी,अवैध तमंचा व कारतूस, दो मोबाइल फोन, घटना में प्रयुक्त बाइक एवं धोखाधड़ी में प्रयुक्त नकली नोटों की 37 गड्डियां बरामद की गई हैं।
गांव ज्ञानपुर के जंगल में की थी बाइक सवार से लूट
दिनांक 5 अक्टूबर 2026 को युवक इरशाद ग्राम जयसिंहपुर थाना मवाना के साथ थाना भावनपुर क्षेत्रान्तर्गत ग्राम ज्ञानपुर के जंगल में ट्यूबवेल के पास तीन युवकों ने बाइक रोककर 50 हजार रुपये की लूट की थी इसके बाद आरोपी भाग गए थे। घटना के संबंध में थाना भावनपुर पर एफआईआर दर्ज की गई थी। घटना के शीघ्र अनावरण एवं अभियुक्तों की गिरफ्तारी के लिए थाना भावनपुर पुलिस ने टीम गठित की।
दोनों पुलिसकर्मियों को भी गिरफ्तार कर लिया
थाना भावनपुर पुलिस द्वारा घटना का अनावरण करते हुए प्रकाश में आये अभियुक्तों साजिद पिस्टल पुत्र सईद, फैजान पुत्र इमरान एवं अभिषेक पुत्र विक्रम को गिरफ्तार किया। अभियुक्तों से पूछताछ के दौरान थाना भावनपुर पर तैनात पुलिसकर्मी प्रसन्नचित्त एवं आशीष कुमार द्वारा सहयोग किये जाने की बात भी सामने आई। इस आधार पर दोनों पुलिसकर्मियों को भी गिरफ्तार कर लिया है। प्रकरण में उनकी भूमिका के संबंध में अग्रिम विवेचनात्मक एवं वैधानिक कार्यवाही की जा रही है।



