
सोनीपत: हरियाणा के गोहाना शहर में लंबे समय से उठ रही मांग अब जमीन पर उतरती दिखाई दे रही है। शहर के बीच से गुजरने वाली ड्रेन नंबर-8 को कवर कर उसके ऊपर भगवान परशुराम हेरिटेज पार्क और आधुनिक जॉगिंग ट्रैक विकसित करने की तैयारी शुरू हो गई है। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी की घोषणा के बाद अब इस महत्वाकांक्षी परियोजना पर आधिकारिक प्रक्रिया तेज हो गई है।
29 मार्च 2026 को गोहाना विकास एवं धन्यवाद रैली के दौरान मुख्यमंत्री ने इस परियोजना की घोषणा की थी। अब शहरी स्थानीय निकाय विभाग की ओर से संबंधित अधिकारियों को औपचारिक निर्देश जारी कर दिए गए हैं, जिसके बाद विभागीय स्तर पर हलचल बढ़ गई है।
दो चरणों में पूरा होगा प्रोजेक्ट
योजना के तहत सोनीपत चुंगी से पानीपत चुंगी तक ड्रेन को चरणबद्ध तरीके से कवर किया जाएगा। इसके ऊपर भगवान परशुराम हेरिटेज पार्क, आधुनिक जॉगिंग ट्रैक, बैठने की व्यवस्था, लाइटिंग और सौंदर्यीकरण जैसे कार्य किए जाएंगे।
करीब 60 करोड़ रुपये की लागत वाली इस परियोजना को दो चरणों में पूरा करने की योजना बनाई गई है। पहले चरण में ड्रेन को तकनीकी मानकों के अनुसार कवर किया जाएगा, जबकि दूसरे चरण में पार्क और अन्य सुविधाओं का निर्माण कराया जाएगा।
सिंचाई विभाग के एसडीओ अक्षय कुमार के अनुसार, ड्रेन को कवर करने का तकनीकी कार्य सिंचाई विभाग द्वारा किया जाएगा, जबकि पार्क और अन्य सार्वजनिक सुविधाओं का विकास नगर परिषद की ओर से कराया जाएगा।
गोहाना को मिलेगा नया हरित कॉरिडोर
इस परियोजना के पूरा होने के बाद गोहाना शहर को एक बड़ा हरित कॉरिडोर मिलने की उम्मीद है। अभी खुली ड्रेन के कारण आसपास रहने वाले लोगों को बदबू, मच्छरों और गंदगी जैसी समस्याओं का सामना करना पड़ता है। ड्रेन कवर होने से न केवल इन परेशानियों से राहत मिलेगी, बल्कि शहर की सुंदरता में भी बड़ा बदलाव देखने को मिलेगा।
इसके साथ ही लोगों को सुबह-शाम सैर, व्यायाम और मनोरंजन के लिए आधुनिक सुविधाएं भी मिल सकेंगी। स्थानीय लोगों का मानना है कि परियोजना पूरी होने के बाद गोहाना को बड़े शहरों की तरह एक आधुनिक सार्वजनिक स्थल मिलेगा।
नगर परिषद ने मांगी एनओसी
परियोजना को आगे बढ़ाने के लिए नगर परिषद ने सिंचाई विभाग से एनओसी भी मांगी है, क्योंकि ड्रेन सिंचाई विभाग के अधीन आती है। मुख्यालय की ओर से अधिकारियों को जल्द व्यवहारिक रिपोर्ट, रफ कास्ट एस्टीमेट और अन्य टिप्पणियां भेजने के निर्देश दिए गए हैं।
इससे साफ है कि सरकार इस परियोजना को केवल घोषणा तक सीमित नहीं रखना चाहती, बल्कि जल्द से जल्द इसे धरातल पर उतारने की तैयारी में जुट गई है।
कैबिनेट मंत्री की मांग पर हुई थी घोषणा
गोहाना विकास एवं धन्यवाद रैली के दौरान प्रदेश के कैबिनेट मंत्री और गोहाना विधायक डॉ. अरविंद शर्मा ने इस परियोजना को पूरा करने की मांग मुख्यमंत्री के सामने रखी थी। इसके बाद मुख्यमंत्री ने मंच से ड्रेन को कवर कर हेरिटेज पार्क और जॉगिंग ट्रैक बनाने की घोषणा की थी।



