होंडुरास में खूनी हिंसा: बागान में मजदूरों पर ताबड़तोड़ फायरिंग, पुलिस पर भी हमला; 6 अधिकारियों समेत 25 लोगों की मौत

तेगुसिगल्पा: मध्य अमेरिकी देश होंडुरास में गुरुवार को हुई दो अलग-अलग हिंसक घटनाओं ने पूरे देश को दहला दिया। तटीय इलाकों में बंदूकधारियों द्वारा किए गए हमलों में 6 पुलिस अधिकारियों सहित कम से कम 25 लोगों की मौत हो गई। अधिकारियों के मुताबिक मृतकों की संख्या बढ़ने की आशंका भी जताई जा रही है।
लोक अभियोजक कार्यालय के प्रवक्ता यूरी मोरा ने बताया कि पहली घटना उत्तरी होंडुरास के ट्रूजिलो नगर पालिका क्षेत्र में हुई, जहां एक बागान में काम कर रहे मजदूरों पर अंधाधुंध गोलियां बरसाई गईं। इस हमले में कम से कम 19 श्रमिकों की मौत हो गई। बताया जा रहा है कि यह इलाका लंबे समय से कृषि और जमीन से जुड़े संघर्षों का केंद्र बना हुआ है।
भूमि अधिकारों को लेकर पहले भी मिल चुकी थीं धमकियां
जानकारी के अनुसार इस क्षेत्र में पर्यावरण और भूमि अधिकारों की रक्षा करने वाले कार्यकर्ताओं को पहले भी धमकियां मिलती रही हैं। अंतर-अमेरिकी मानवाधिकार आयोग ने ऐसे कई कार्यकर्ताओं की सुरक्षा को लेकर एहतियाती कदम उठाने की सिफारिश भी की थी।
गिरोह विरोधी अभियान पर निकली पुलिस टीम पर हमला
दूसरी घटना ग्वाटेमाला सीमा के पास कॉर्टेस विभाग के ओमोआ नगर पालिका में हुई। यहां हमलावरों ने पुलिस टीम को निशाना बनाकर गोलीबारी कर दी। इस हमले में एक वरिष्ठ अधिकारी समेत 6 पुलिसकर्मियों की मौत हो गई।
पुलिस के मुताबिक सभी अधिकारी गिरोह विरोधी अभियान के तहत तैनात थे और राजधानी तेगुसिगल्पा से ओमोआ जा रहे थे, तभी रास्ते में उन पर हमला किया गया।
मृतकों की संख्या को लेकर स्थिति स्पष्ट नहीं
होंडुरास राष्ट्रीय पुलिस के प्रवक्ता एडगार्डो बाराहोना ने बताया कि ट्रूजिलो हमले में मृतकों की सटीक संख्या बताना फिलहाल मुश्किल है, क्योंकि कई परिजन अपने मृत रिश्तेदारों के शव घटनास्थल से ले गए हैं।
उन्होंने कहा कि जांच अधिकारियों को मौके पर भेज दिया गया है और पूरे मामले की गहन जांच की जा रही है।
सरकार ने दिए सख्त कार्रवाई के निर्देश
होंडुरास के सुरक्षा मंत्रालय ने कहा है कि राष्ट्रीय पुलिस और सशस्त्र बलों को प्रभावित क्षेत्रों में तैनात किया जाएगा। साथ ही घटनाओं की जांच के लिए फॉरेंसिक विशेषज्ञों और अभियोजकों की विशेष टीम गठित की जा रही है।



