शनि का रेवती नक्षत्र में बड़ा गोचर! जुलाई-अगस्त 2026 में इन 3 राशियों पर बरसेगी किस्मत की मेहरबानी

नई दिल्ली: ज्योतिष शास्त्र में शनि देव को न्याय और कर्मफल का देवता माना जाता है। ऐसे में शनि की चाल और नक्षत्र परिवर्तन का असर सभी राशियों पर विशेष रूप से देखा जाता है। साल 2026 में शनि देव एक अहम नक्षत्र परिवर्तन करने जा रहे हैं, जिसे ज्योतिषीय दृष्टि से काफी प्रभावशाली माना जा रहा है। माना जा रहा है कि इस गोचर का असर सभी 12 राशियों पर पड़ेगा, लेकिन तीन राशियों के लिए यह समय बेहद शुभ साबित हो सकता है।
जुलाई 2026 में होगा शनि का नक्षत्र परिवर्तन
ज्योतिषीय गणना के अनुसार, वर्तमान में शनि देव मीन राशि में रेवती नक्षत्र में स्थित हैं। 2 जुलाई 2026 को सुबह 08:22 बजे शनि रेवती नक्षत्र के दूसरे चरण में प्रवेश करेंगे। यह स्थिति 20 अगस्त 2026 तक बनी रहेगी, जिसके बाद शनि पुनः पहले चरण में लौटेंगे।
ज्योतिष मान्यताओं के अनुसार, रेवती नक्षत्र के स्वामी बुध ग्रह हैं और बुध को शनि का मित्र ग्रह माना जाता है। यही वजह है कि इस गोचर को विशेष प्रभावशाली बताया जा रहा है। इसके अलावा 27 जुलाई 2026 को शनि के वक्री होने से इस गोचर का असर और अधिक बढ़ने की संभावना जताई जा रही है।
कर्क राशि वालों के लिए खुल सकते हैं नए अवसर
कर्क राशि के जातकों के लिए शनि का यह गोचर भाग्य भाव में माना जा रहा है। ज्योतिष शास्त्र के अनुसार, इस दौरान आय के नए स्रोत बनने की संभावना है। आर्थिक स्थिति मजबूत हो सकती है और रुका हुआ धन वापस मिलने के योग बन सकते हैं।
इसके साथ ही निवेश से लाभ मिलने और कार्यक्षेत्र में सकारात्मक बदलाव देखने को मिल सकते हैं। शनि की दृष्टि लाभ और पराक्रम भाव पर पड़ने से मेहनत का बेहतर परिणाम मिलने की संभावना जताई जा रही है।
कन्या राशि वालों को करियर में मिल सकता है फायदा
कन्या राशि के स्वामी बुध ग्रह हैं, जो रेवती नक्षत्र के भी स्वामी माने जाते हैं। ऐसे में शनि का यह गोचर कन्या राशि वालों के लिए खास माना जा रहा है।
ज्योतिष मान्यताओं के अनुसार, शनि इस दौरान सप्तम भाव में गोचर करेंगे, जिसे शुभ स्थिति माना जाता है। नौकरीपेशा लोगों को नए अवसर मिल सकते हैं और करियर में प्रगति देखने को मिल सकती है।
विशेष रूप से सोशल मीडिया, इंटरनेट, कम्युनिकेशन और ऑनलाइन प्लेटफॉर्म से जुड़े लोगों के लिए यह समय लाभकारी माना जा रहा है। नए प्रोजेक्ट और प्रोफेशनल पहचान मिलने के संकेत भी बताए जा रहे हैं।
कुंभ राशि वालों को मिल सकता है आर्थिक लाभ
कुंभ राशि के जातकों के लिए शनि का यह गोचर धन भाव में प्रभाव डालने वाला माना गया है। ज्योतिष शास्त्र के मुताबिक, इस दौरान आर्थिक स्थिति में सुधार देखने को मिल सकता है।
वाहन, मकान या नई संपत्ति खरीदने की योजना पूरी होने के संकेत बताए जा रहे हैं। इसके अलावा लंबे समय से आर्थिक तंगी का सामना कर रहे लोगों को राहत मिलने की संभावना जताई गई है।
ज्योतिष मान्यताओं के अनुसार, इस दौरान बैंक लोन या वित्तीय सहायता मिलने में भी आसानी हो सकती है। साथ ही गुरु बृहस्पति की दृष्टि शनि पर होने से नकारात्मक प्रभाव कम रहने की संभावना बताई जा रही है।



