दिल्ली में भीषण गर्मी का कहर: IMD का येलो अलर्ट जारी, आज लू और तेज गर्म हवाओं से बढ़ेगी परेशानी

नई दिल्ली: राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में गर्मी लगातार विकराल रूप लेती जा रही है। रविवार सुबह से ही तेज धूप और उमस ने लोगों की मुश्किलें बढ़ा दीं। मौसम विभाग के मुताबिक राजधानी में आज का न्यूनतम तापमान सामान्य से दो डिग्री अधिक दर्ज किया गया, जिससे दिन की शुरुआत ही गर्मी और बेचैनी के साथ हुई।
भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने दोपहर के समय झुलसाने वाली लू और तेज गर्म हवाएं चलने की आशंका जताते हुए दिल्ली के लिए येलो अलर्ट जारी किया है। विभाग का अनुमान है कि आज अधिकतम तापमान करीब 44 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है।
सुबह से उमस और तेज धूप ने बढ़ाई परेशानी
रविवार सुबह से ही राजधानी के कई इलाकों में तेज धूप और गर्म हवाओं का असर देखने को मिला। मौसम विभाग के अनुसार सुबह साढ़े आठ बजे तक सापेक्ष आर्द्रता 37 प्रतिशत दर्ज की गई, जिससे उमस ने लोगों की परेशानी और बढ़ा दी।
दोपहर में लू का असर और बढ़ने की आशंका
आईएमडी ने चेतावनी दी है कि दोपहर के समय गर्म हवाएं और लू का प्रभाव ज्यादा तेज हो सकता है। ऐसे में लोगों को जरूरी काम होने पर ही घर से बाहर निकलने की सलाह दी गई है। मौसम विभाग के मुताबिक आने वाले घंटों में तापमान और गर्म हवाएं दोनों लोगों की मुश्किलें बढ़ा सकती हैं।
दिल्ली की हवा भी खराब श्रेणी में पहुंची
भीषण गर्मी के बीच राजधानी की हवा की गुणवत्ता भी चिंता बढ़ाने लगी है। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (CPCB) के आंकड़ों के अनुसार रविवार सुबह 9 बजे दिल्ली का वायु गुणवत्ता सूचकांक (AQI) 210 दर्ज किया गया, जो ‘खराब’ श्रेणी में आता है।
सीपीसीबी के मानकों के मुताबिक 0 से 50 के बीच एक्यूआई को अच्छा, 51 से 100 के बीच संतोषजनक, 101 से 200 के बीच मध्यम, 201 से 300 के बीच खराब, 301 से 400 के बीच बहुत खराब और 401 से 500 के बीच गंभीर श्रेणी माना जाता है।



