उत्तर प्रदेशराज्य

तेरहवीं का बचा खाना बना मौत की वजह: मथुरा की गौशाला में 10 गायों की मौत, 20 की हालत बिगड़ी

मथुरा: उत्तर प्रदेश के मथुरा जिले में तेरहवीं कार्यक्रम के बाद बचा हुआ खाना गौशाला में गायों को खिलाना भारी पड़ गया। रिफाइनरी थाना क्षेत्र के भैसा गांव में बचा भोजन खाने के बाद 30 गायें गंभीर रूप से बीमार हो गईं, जिनमें से 10 गायों की दर्दनाक मौत हो गई। जबकि 20 गायों का इलाज कर उन्हें सुरक्षित बचा लिया गया।

मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी डॉ. एनएन शुक्ला के मुताबिक गांव के ग्राम प्रधान की तेरहवीं 20 मई को आयोजित हुई थी। कार्यक्रम के बाद बड़ी मात्रा में भोजन बच गया था, जिसे 22 मई को गौशाला में मौजूद पशुओं को खिला दिया गया। खाना खाने के कुछ समय बाद गायों की तबीयत बिगड़ने लगी।

एसिडोसिस की चपेट में आईं गायें

डॉ. शुक्ला ने बताया कि बचा हुआ भोजन खाने के कारण गायें एसिडोसिस नाम की गंभीर चिकित्सीय स्थिति की शिकार हो गईं। इस बीमारी में शरीर के तरल पदार्थों में एसिड की मात्रा बढ़ जाती है, जिससे पशुओं की हालत तेजी से बिगड़ने लगती है। कुल 30 गायें प्रभावित हुईं, जिनमें 10 की मौत हो गई।

20 गायों को बचाने में जुटी डॉक्टरों की टीम

घटना की जानकारी मिलते ही पशुपालन विभाग हरकत में आया। 10 पशु चिकित्सकों की टीम को इलाज में लगाया गया। साथ ही उत्तर प्रदेश पंडित दीन दयाल उपाध्याय पशु चिकित्सा विज्ञान विश्वविद्यालय एवं गो-अनुसंधान संस्थान, मथुरा के विशेषज्ञों को भी मौके पर बुलाया गया। लगातार उपचार के बाद 20 गायों की हालत में सुधार बताया जा रहा है।

पोस्टमार्टम के बाद जांच के लिए भेजे गए नमूने

अधिकारियों के अनुसार मृत गायों का पोस्टमार्टम कराया गया है। साथ ही नमूनों को जांच के लिए प्रयोगशाला भेजा गया है, ताकि मौत की सटीक वजह की पुष्टि की जा सके। मामले को लेकर प्रशासन भी सतर्क हो गया है।

Related Articles

Back to top button