अजमेर ट्रिप को लेकर हुआ था विवाद, ट्विशा केस में पति समर्थ सिंह ने पूछताछ में खोले कई राज

भोपाल: भोपाल में ट्विशा शर्मा की संदिग्ध मौत मामले की जांच जैसे-जैसे आगे बढ़ रही है, वैसे-वैसे नए खुलासे सामने आ रहे हैं। पुलिस पूछताछ में पति समर्थ सिंह ने दावा किया है कि 17 अप्रैल को गर्भावस्था की पुष्टि होने के बाद ट्विशा के व्यवहार में बदलाव आने लगा था। यह बयान उन गंभीर आरोपों के बीच सामने आया है, जिनमें कहा गया था कि समर्थ सिंह ने गर्भ में पल रहे बच्चे को लेकर पत्नी से सवाल किए थे, जिससे वह मानसिक तनाव में थीं।
अजमेर यात्रा को लेकर दोनों के बीच हुआ था विवाद
पुलिस जांच और मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, शादी के महज पांच महीनों के भीतर ट्विशा शर्मा और समर्थ सिंह के बीच कई बार विवाद हुए थे। जांच में यह भी सामने आया है कि मौत से कुछ घंटे पहले दोनों के बीच राजस्थान के अजमेर जाने को लेकर तीखी बहस हुई थी। इसके कुछ समय बाद 12 मई को भोपाल स्थित घर में ट्विशा शर्मा मृत मिलीं।
मां को भेजे संदेशों में बयां किया दर्द
जांच के दौरान ट्विशा शर्मा और उनकी मां के बीच हुई बातचीत और संदेश भी सामने आए हैं। इन संदेशों में ट्विशा ने गर्भावस्था के दौरान ससुराल के माहौल को लेकर तनाव और घुटन महसूस होने की बात कही थी। एक संदेश में उन्होंने लिखा था, “मेरा दम घुट रहा है मां।” परिवार का आरोप है कि ट्विशा लगातार अपने माता-पिता से उन्हें वहां से ले जाने की अपील कर रही थीं।
मौत से पहले मां को किया था फोन
ट्विशा शर्मा के भाई मेजर हर्षित शर्मा, जो भारतीय सेना में अधिकारी हैं, ने बताया कि 12 मई की रात करीब 10:05 बजे ट्विशा ने अपनी मां को फोन किया था। फोन पर उन्होंने अपनी परेशानियों का जिक्र किया, लेकिन बातचीत के दौरान अचानक समर्थ सिंह कमरे में पहुंच गए, जिसके बाद कॉल कट गई।
परिवार का कहना है कि इसके बाद उन्होंने ट्विशा, समर्थ सिंह और उनकी मां गिरिबाला सिंह से कई बार संपर्क करने की कोशिश की, लेकिन किसी ने फोन नहीं उठाया। कुछ घंटों बाद समर्थ सिंह की मां गिरिबाला सिंह ने परिवार को ट्विशा की मौत की सूचना दी।
सात दिन की पुलिस रिमांड पर समर्थ सिंह
समर्थ सिंह फिलहाल सात दिन की पुलिस रिमांड पर हैं। घटना के बाद वह लापता हो गए थे और बाद में जबलपुर पहुंचकर आत्मसमर्पण करने की कोशिश की थी। पुलिस ने उन्हें गिरफ्तार कर भोपाल ले आई। उनकी अग्रिम जमानत याचिका पहले ही खारिज हो चुकी है।
वहीं उनकी मां गिरिबाला सिंह, जो सेवानिवृत्त न्यायाधीश हैं, को अदालत से अग्रिम जमानत मिल चुकी है। पुलिस ने उन पर जांच में सहयोग नहीं करने और नोटिसों की अनदेखी करने के आरोप लगाए हैं।
अदालत में समर्थ के व्यवहार पर भी उठे सवाल
शुक्रवार को अदालत में पेशी के दौरान समर्थ सिंह का व्यवहार भी चर्चा का विषय बना रहा। मौजूद लोगों के मुताबिक वह अदालत में पूरी तरह शांत और आत्मविश्वास से भरे नजर आए। उनके चेहरे पर किसी तरह की घबराहट या पछतावे के संकेत दिखाई नहीं दिए।
AIIMS की टीम करेगी दूसरा पोस्टमार्टम
मध्य प्रदेश हाई कोर्ट के निर्देश पर रविवार को नई दिल्ली स्थित AIIMS के चार वरिष्ठ डॉक्टरों की टीम भोपाल पहुंचकर ट्विशा शर्मा के शव का दूसरा पोस्टमार्टम करेगी। ट्विशा नोएडा की रहने वाली थीं और उनकी शादी दिसंबर 2025 में समर्थ सिंह से हुई थी।
मौत के बाद ट्विशा के परिवार ने पति और ससुराल पक्ष पर मानसिक प्रताड़ना और दहेज उत्पीड़न के गंभीर आरोप लगाए हैं। मामले को लेकर व्यापक जनआक्रोश देखने को मिल रहा है और निष्पक्ष जांच की मांग लगातार तेज होती जा रही है।



