
‘BJP जनता पर बन गई बोझ…’ बिजली संकट को लेकर अखिलेश यादव का हमला, विधायकों की चिट्ठियों पर कसा तंज
लखनऊ: उत्तर प्रदेश में गहराते बिजली संकट को लेकर समाजवादी पार्टी अध्यक्ष अखिलेश यादव ने भारतीय जनता पार्टी सरकार पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में बढ़ती बिजली समस्या और जनता के आक्रोश से घबराए भाजपा विधायक और सांसद अब दिखावटी चिट्ठियों का सहारा ले रहे हैं। अखिलेश ने इसे जनता के हित की चिंता नहीं, बल्कि राजनीतिक बचाव की कोशिश बताया।
‘विधायकों की चिट्ठी नहीं, टिकट के लिए आवेदन’
अखिलेश यादव ने सोमवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट करते हुए कहा कि भाजपा नेताओं की ओर से लिखी जा रही चिट्ठियां जनहित के लिए नहीं हैं। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि ये पत्र दरअसल भाजपा रूपी “डूबते जहाज” को छोड़कर आगामी चुनावों में विपक्ष से टिकट पाने के लिए आवेदन पत्र की तरह हैं। सपा प्रमुख ने साफ कहा कि उनके गठबंधन में ऐसे नेताओं के लिए कोई जगह नहीं होगी, जिन्होंने जनता को सिर्फ परेशानियां दी हैं।
भीषण गर्मी और बिजली कटौती से जनता बेहाल
सपा अध्यक्ष ने कहा कि भीषण गर्मी के बीच प्रदेश की जनता भारी संकट झेल रही है। उन्होंने कहा कि घरों में बुजुर्ग, बीमार, बच्चे और महिलाओं की हालत सबसे ज्यादा खराब है। खाने-पीने और रोजमर्रा की जरूरतों तक पर असर पड़ रहा है। अखिलेश ने आरोप लगाया कि सरकार ने जिन अफसरों पर भरोसा किया था, वही अब जनता के लिए “आपदा” बन चुके हैं।
‘नारे लगाने से नहीं सुलझेगी समस्या’
अखिलेश यादव ने बिना नाम लिए सरकार के मंत्रियों और जिम्मेदार अधिकारियों पर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा कि समस्या का समाधान पूछने पर सिर्फ नारे लगाए जा रहे हैं और जिम्मेदारी से बचने की कोशिश हो रही है। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि यह किसी के लिए मौका है कि पूरी तरह नाकाम हो चुके मंत्रियों को हटाकर मंत्रिमंडल विस्तार किया जाए।
‘वापसी की उम्मीद छोड़ चुकी है भाजपा’
सपा प्रमुख ने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार को अब अपनी वापसी की उम्मीद नहीं रही है। इसी वजह से सरकार जनता की समस्याओं और मांगों को नजरअंदाज कर रही है। उन्होंने कहा कि सरकार सिर्फ अपना “खजाना भरने” में जुटी हुई है, जबकि आम लोग बिजली संकट और गर्मी से परेशान हैं। अखिलेश यादव ने अपने बयान के अंत में लिखा, “जन-जन कहे आज का, भार बन गई भाजपा।”



