पंजाब चुनाव से पहले बीजेपी का बड़ा सियासी दांव, केवल सिंह ढिल्लों बने नए प्रदेश अध्यक्ष

चंडीगढ़: पंजाब विधानसभा चुनाव से पहले भारतीय जनता पार्टी ने बड़ा संगठनात्मक बदलाव करते हुए वरिष्ठ नेता और पूर्व कांग्रेसी विधायक केवल सिंह ढिल्लों को पंजाब भाजपा का नया प्रदेश अध्यक्ष नियुक्त किया है। पार्टी हाईकमान के इस फैसले के बाद पंजाब की राजनीति में नए समीकरणों को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं।
भाजपा ने ऐसे समय में नेतृत्व परिवर्तन किया है, जब पार्टी राज्य में संगठन को मजबूत करने और ग्रामीण इलाकों में अपनी पकड़ बढ़ाने की रणनीति पर काम कर रही है।
मालवा क्षेत्र के प्रभावशाली नेता माने जाते हैं ढिल्लों
केवल सिंह ढिल्लों पंजाब के बरनाला जिले के तल्लेवाल गांव से संबंध रखते हैं। उनका जन्म 16 मई 1950 को हुआ था। वे लंबे समय से कारोबार और राजनीति दोनों क्षेत्रों में सक्रिय रहे हैं और पंजाब के प्रभावशाली उद्योगपतियों में गिने जाते हैं।
ढिल्लों ग्रुप के प्रमुख केवल सिंह ढिल्लों की शुरुआती शिक्षा बरनाला में हुई। उन्होंने एसडी कॉलेज बरनाला से बीए पार्ट-1 तक पढ़ाई की थी। उनके परिवार का भी कारोबार और रियल एस्टेट क्षेत्र में बड़ा नेटवर्क माना जाता है।
कांग्रेस से भाजपा तक का सियासी सफर
केवल सिंह ढिल्लों करीब दो दशकों से पंजाब की राजनीति में सक्रिय हैं। कांग्रेस के टिकट पर वे साल 2007 और 2012 में बरनाला विधानसभा सीट से विधायक चुने गए थे। 2012 के चुनाव में उन्होंने बड़ी जीत दर्ज की थी।
वे पंजाब प्रदेश कांग्रेस कमेटी में वरिष्ठ उपाध्यक्ष की जिम्मेदारी भी संभाल चुके हैं और मालवा क्षेत्र में कांग्रेस का बड़ा चेहरा माने जाते थे। हालांकि 2017 विधानसभा चुनाव और 2019 लोकसभा चुनाव में उन्हें हार का सामना करना पड़ा।
इसके बाद जून 2022 में उन्होंने कांग्रेस छोड़कर भाजपा का दामन थाम लिया। भाजपा ने उन्हें संगरूर लोकसभा उपचुनाव में उम्मीदवार भी बनाया था।
ग्रामीण और सिख वोट बैंक पर भाजपा की नजर
राजनीतिक जानकारों का मानना है कि भाजपा ने केवल सिंह ढिल्लों को प्रदेश अध्यक्ष बनाकर मालवा क्षेत्र, किसान वर्ग और ग्रामीण सिख मतदाताओं तक पहुंच मजबूत करने का संकेत दिया है।
पार्टी को उम्मीद है कि ढिल्लों का राजनीतिक अनुभव, कारोबारी पृष्ठभूमि और क्षेत्रीय प्रभाव आगामी चुनावों में भाजपा के लिए फायदेमंद साबित हो सकता है।
सुनील जाखड़ ने दी शुभकामनाएं
पंजाब भाजपा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष सुनील जाखड़ ने सोशल मीडिया मंच एक्स पर संदेश जारी कर केवल सिंह ढिल्लों को नई जिम्मेदारी के लिए शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि पंजाब भाजपा का नेतृत्व करना उनके लिए सम्मान और बड़ी जिम्मेदारी का विषय रहा है।
जाखड़ ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और भाजपा संगठन नेतृत्व का आभार जताते हुए कहा कि कार्यकर्ताओं के सहयोग से उनका कार्यकाल यादगार बना।
उन्होंने भरोसा जताया कि केवल सिंह ढिल्लों के नेतृत्व में संगठन और अधिक मजबूत होगा और भाजपा पंजाब में नए विस्तार के साथ आगे बढ़ेगी।
पंजाब में नए नेतृत्व के सहारे भाजपा की रणनीति
भाजपा अब पंजाब में नए चेहरों और क्षेत्रीय संतुलन के साथ संगठन को मजबूत करने की रणनीति पर काम कर रही है। पार्टी नेतृत्व का मानना है कि आगामी चुनावों से पहले यह बदलाव भाजपा को राजनीतिक रूप से नई ऊर्जा दे सकता है।
पंजाब की राजनीति में लगातार बदलते समीकरणों के बीच अब सभी की नजर इस बात पर टिकी है कि केवल सिंह ढिल्लों के नेतृत्व में भाजपा राज्य में कितना प्रभाव बढ़ा पाती है।



