राष्ट्रीय

चलती ट्रेन में 1.22 करोड़ रुपये बरामद, नोटों से भरा बैग देख चौंकी पुलिस; हवाला नेटवर्क की जांच तेज

हैदराबाद: तेलंगाना की राजधानी हैदराबाद में सरकारी रेलवे पुलिस और रेलवे सुरक्षा बल ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए हवाला नेटवर्क के खिलाफ बड़ी सफलता हासिल की है। मुंबई से आ रही देवगिरी एक्सप्रेस ट्रेन में चेकिंग के दौरान पुलिस ने एक यात्री के पास से 1 करोड़ 22 लाख 70 हजार रुपये नगद बरामद किए। बैग में नोटों की गड्डियां देखकर जांच एजेंसियां भी हैरान रह गईं।

सबसे चौंकाने वाली बात यह सामने आई कि करोड़ों रुपये की इस खेप को पहुंचाने के लिए आरोपी को केवल 5 हजार रुपये देने का लालच दिया गया था।

यह कार्रवाई बोलारम और मलकाजगिरि रेलवे स्टेशनों के बीच उस समय हुई, जब रेलवे पुलिस और आरपीएफ की टीमें रूटीन जांच अभियान चला रही थीं। इसी दौरान देवगिरी एक्सप्रेस के एक कोच में सफर कर रहे 40 वर्षीय यात्री की गतिविधियां संदिग्ध लगीं। पुलिस ने उसे रोककर पूछताछ की और उसके बैग की तलाशी ली।

बैग खोलते ही सामने आई नोटों की गड्डियां

तलाशी के दौरान बैग में कपड़ों की जगह बड़ी मात्रा में नकदी बरामद हुई। पुलिस ने मौके पर ही रकम जब्त कर ली। पूछताछ में आरोपी ने खुद को महाराष्ट्र के अमरावती जिले का निवासी बताया।

प्रारंभिक जांच में आरोपी ने पुलिस को बताया कि मुंबई के एक बड़े ज्वेलरी कारोबारी ने उसे यह रकम सिकंदराबाद पहुंचाने के लिए दी थी। यह नकदी सिकंदराबाद के मोंडा मार्केट इलाके में सक्रिय एक अन्य ज्वेलरी कारोबारी तक पहुंचाई जानी थी।

सिर्फ 5 हजार रुपये में करोड़ों की डिलीवरी

पुलिस जांच में यह भी सामने आया कि इतनी बड़ी रकम को सुरक्षित पहुंचाने के बदले आरोपी को केवल 5 हजार रुपये मिलने थे। जब जांच एजेंसियों ने उससे नकदी के स्रोत, मालिकाना हक और टैक्स से जुड़े दस्तावेज मांगे, तो वह कोई वैध कागजात पेश नहीं कर सका।

दस्तावेज नहीं मिलने पर पुलिस ने पूरी नकदी को जब्त कर लिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।

हवाला और टैक्स चोरी के एंगल से जांच

रेलवे पुलिस के अनुसार आभूषण कारोबार की आड़ में हवाला और टैक्स चोरी के जरिए बड़े पैमाने पर नकदी का अवैध लेनदेन किया जा रहा था। हाल के दिनों में ट्रेनों के जरिए कैश ट्रांसपोर्टेशन के मामलों में बढ़ोतरी देखी गई है, जिसके बाद रेलवे स्टेशनों पर निगरानी और सुरक्षा व्यवस्था सख्त कर दी गई है।

फिलहाल पुलिस मुंबई और हैदराबाद के बीच सक्रिय इस नेटवर्क की कड़ियों को खंगाल रही है और पूरे सिंडिकेट के मुख्य सरगनाओं तक पहुंचने की कोशिश में जुटी हुई है।

Related Articles

Back to top button