अन्तर्राष्ट्रीय

लश्कर आतंकी सैफुल्लाह कसूरी का भड़काऊ वीडियो वायरल, मुस्लिम देशों को दी इजरायल पर धमकी

तेहरान: प्रतिबंधित आतंकी संगठन लश्कर-ए-तैयबा के डिप्टी चीफ और अप्रैल 2025 में जम्मू-कश्मीर के पहलगाम हमले के मास्टरमाइंड सैफुल्लाह कसूरी का एक भड़काऊ बयान सामने आया है। इंटरनेट पर वायरल हो रहे वीडियो में कसूरी ने इजरायल को मान्यता देने वाले किसी भी मुस्लिम देश या शासक को “तबाह” होने की धमकी दी है। इस बयान को लेकर सुरक्षा एजेंसियों में चिंता बढ़ गई है।

अमेरिका के दबाव और पाकिस्तान के रुख के बाद आया बयान

खुफिया सूत्रों के अनुसार, कसूरी का यह बयान उस समय सामने आया है जब पाकिस्तान पर अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की ओर से अब्राहम अकॉर्ड्स में शामिल होने का दबाव बढ़ा था। हालांकि पाकिस्तान ने अपने पारंपरिक रुख को दोहराते हुए इस प्रस्ताव को खारिज कर दिया है। पाकिस्तान का कहना है कि वह तब तक इजरायल को मान्यता नहीं देगा जब तक एक स्वतंत्र फिलिस्तीनी राज्य की स्थापना नहीं हो जाती।

अब्राहम अकॉर्ड्स को लेकर बढ़ी राजनीतिक बहस

पाकिस्तान के रक्षा मंत्री ख्वाजा आसिफ ने भी स्पष्ट किया है कि मुस्लिम-बहुल देशों के इस समझौते में शामिल होने की अटकलें गलत हैं। इसी बीच सामने आए आतंकी कसूरी के बयान को लेकर विशेषज्ञ इसे चरमपंथी विचारधारा और राजनीतिक मुद्दों के मेल का खतरनाक संकेत मान रहे हैं।

पाक-सऊदी रक्षा समझौते को लेकर कसूरी का दावा

वायरल वीडियो में कसूरी ने सितंबर 2025 में पाकिस्तान और सऊदी अरब के बीच हुए रक्षा समझौते का जिक्र करते हुए उसे इजरायल के खिलाफ सैन्य मोर्चे के रूप में पेश करने की कोशिश की। उसने दावा किया कि पाकिस्तान अब सऊदी अरब में मौजूद होकर इजरायल के करीब पहुंच गया है। हालांकि खुफिया एजेंसियों ने इन दावों को पूरी तरह भ्रामक और तथ्यहीन बताया है।

भारतीय खुफिया एजेंसियों की सख्त प्रतिक्रिया

भारतीय खुफिया एजेंसियों के अनुसार, यह समझौता पूरी तरह पारस्परिक सुरक्षा, खुफिया सहयोग और आतंकवाद विरोधी रणनीति से जुड़ा है। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि इसे किसी आक्रामक सैन्य रणनीति से जोड़ना गलत और दुष्प्रचार है।

पहलगाम हमले का मास्टरमाइंड बताया जाता है कसूरी

सैफुल्लाह कसूरी भारत की मोस्ट वांटेड सूची में शामिल है। उस पर आरोप है कि 22 अप्रैल 2025 को जम्मू-कश्मीर के पहलगाम की बैसरन घाटी में पर्यटकों पर हुए हमले की साजिश उसी ने रची थी, जिसमें 26 लोगों की मौत हुई थी। इस हमले के बाद भारत और पाकिस्तान के बीच तनाव भी काफी बढ़ गया था।

Related Articles

Back to top button