राजस्थान

राजस्थान हाई कोर्ट के आदेश के बाद आसाराम ने किया सरेंडर, जोधपुर एयरपोर्ट पर समर्थकों की उमड़ी भीड़

जोधपुर : नाबालिग से दुष्कर्म मामले में उम्रकैद की सजा काट रहे आसाराम ने राजस्थान हाई कोर्ट के आदेश के बाद गुरुवार को जोधपुर सेंट्रल जेल में सरेंडर कर दिया। हाई कोर्ट द्वारा अंतरिम जमानत रद्द किए जाने के बाद आसाराम हरिद्वार से जोधपुर पहुंचा। उसके आगमन की सूचना मिलते ही जोधपुर एयरपोर्ट पर समर्थकों की भारी भीड़ जुट गई।

एयरपोर्ट पर मौजूद समर्थकों ने आसाराम के समर्थन में नारे लगाए। इस दौरान आसाराम ने गाड़ी से बाहर निकलकर समर्थकों को आशीर्वाद भी दिया। एयरपोर्ट से निकलने के बाद वह सीधे पाल गांव स्थित अपने आश्रम पहुंचा। वहां कुछ समय रुकने के बाद वह जांच के लिए एम्स गया और मेडिकल जांच पूरी होने के बाद शाम करीब 5 बजे जोधपुर सेंट्रल जेल पहुंचकर सरेंडर कर दिया।

हाई कोर्ट ने बरकरार रखी उम्रकैद की सजा

दरअसल, बुधवार को राजस्थान हाई कोर्ट की जोधपुर मुख्यपीठ ने नाबालिग से दुष्कर्म मामले में आसाराम की उम्रकैद की सजा को बरकरार रखा था। कोर्ट ने अंतरिम जमानत को भी रद्द करते हुए तत्काल गिरफ्तारी वारंट जारी करने के निर्देश दिए थे। फैसले के बाद कानूनी प्रक्रिया तेज हो गई थी।

हरिद्वार से दिल्ली और फिर जोधपुर पहुंचा आसाराम

कोर्ट का फैसला सामने आने के बाद आसाराम हरिद्वार से सड़क मार्ग के जरिए दिल्ली के लिए रवाना हुआ था। समर्थकों का दावा है कि लंबा सफर करने के कारण उसकी तबीयत बिगड़ गई, जिसके बाद उसे दिल्ली एम्स में भर्ती कराया गया। बाद में वह वायुमार्ग से जोधपुर पहुंचा।

2018 से जेल में बंद था आसाराम

गौरतलब है कि वर्ष 2018 में अदालत ने नाबालिग से दुष्कर्म मामले में आसाराम को दोषी ठहराते हुए उम्रकैद की सजा सुनाई थी। इसके बाद से वह जेल में बंद था। हाल ही में उसे अंतरिम जमानत मिली थी, जिसे अब राजस्थान हाई कोर्ट ने रद्द कर दिया है।

Related Articles

Back to top button