बिहारराज्य

SC-ST युवाओं के लिए सुनहरा मौका! मुफ्त ड्राइविंग ट्रेनिंग के साथ मिलेगी रहने-खाने की सुविधा, 30 जून तक करें आवेदन

पटना : बिहार सरकार अनुसूचित जाति (SC) और अनुसूचित जनजाति (ST) समुदाय के युवाओं को रोजगार से जोड़ने के लिए एक विशेष पहल चला रही है। राज्य के एससी-एसटी अभ्यर्थियों को मुफ्त चालक प्रशिक्षण उपलब्ध कराया जा रहा है, ताकि वे प्रशिक्षण प्राप्त कर निजी क्षेत्र या सरकारी नौकरियों में चालक के रूप में बेहतर अवसर हासिल कर सकें।

यह प्रशिक्षण कार्यक्रम एससी-एसटी कल्याण विभाग के अंतर्गत संचालित बिहार महादलित विकास मिशन द्वारा चलाया जा रहा है। योजना का उद्देश्य आर्थिक और सामाजिक रूप से पिछड़े वर्गों के युवाओं को कौशल विकास के माध्यम से आत्मनिर्भर बनाना है।

30 जून तक कर सकते हैं आवेदन

इस योजना के लिए ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया शुरू हो चुकी है। इच्छुक अभ्यर्थी 30 जून 2026 तक आवेदन कर सकते हैं। विभाग ने पात्र उम्मीदवारों से समय रहते आवेदन करने की अपील की है ताकि वे इस लाभकारी योजना का फायदा उठा सकें।

अब तक इस कार्यक्रम के तहत 200 से अधिक एससी-एसटी युवा-युवतियों को प्रशिक्षण प्रदान किया जा चुका है, जिससे उन्हें रोजगार के नए अवसर मिले हैं।

औरंगाबाद में मिलेगा प्रशिक्षण

चालक प्रशिक्षण-सह-यातायात शोध संस्थान, औरंगाबाद में यह प्रशिक्षण दिया जाएगा। यहां हल्के मोटर वाहन (LMV) और भारी मोटर वाहन (HMV) दोनों श्रेणियों के लिए प्रशिक्षण की व्यवस्था की गई है।

राज्य के सभी जिलों के एससी-एसटी अभ्यर्थी इस योजना के लिए आवेदन कर सकते हैं। चयन ‘पहले आओ, पहले पाओ’ के आधार पर किया जाएगा।

क्या है योग्यता और आयु सीमा?

दोनों कोर्स के लिए अभ्यर्थियों की आयु 18 से 40 वर्ष के बीच होनी चाहिए। आयु की गणना 1 जनवरी 2026 के आधार पर की जाएगी।

एलएमवी प्रशिक्षण के लिए उम्मीदवार का मैट्रिक पास होना या एलएमवी का लर्निंग लाइसेंस होना आवश्यक है।

वहीं एचएमवी प्रशिक्षण के लिए मैट्रिक उत्तीर्ण होने के साथ-साथ एक वर्ष पुराना एलएमवी स्थायी ड्राइविंग लाइसेंस और एचएमवी का लर्नर लाइसेंस होना अनिवार्य है।

प्रशिक्षण, भोजन और आवास पूरी तरह मुफ्त

इस योजना की सबसे बड़ी खासियत यह है कि प्रशिक्षण के दौरान अभ्यर्थियों को किसी प्रकार का शुल्क नहीं देना होगा। प्रशिक्षण के साथ-साथ रहने और खाने की व्यवस्था भी पूरी तरह निःशुल्क उपलब्ध कराई जाएगी।

एलएमवी कोर्स की अवधि 21 दिन निर्धारित की गई है, जबकि एचएमवी प्रशिक्षण 30 दिनों का होगा।

आवेदन के लिए क्या करना होगा?

इच्छुक उम्मीदवार बिहार महादलित विकास मिशन की आधिकारिक वेबसाइट पर ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। आवेदन पूरा करने के बाद फॉर्म डाउनलोड करना होगा और आवश्यक दस्तावेजों की स्व-अभिप्रमाणित प्रतियां संलग्न करनी होंगी।

आवेदन के साथ मैट्रिक, इंटरमीडिएट, जाति प्रमाण पत्र, आवास प्रमाण पत्र, आधार कार्ड तथा एलएमवी या एचएमवी लाइसेंस की प्रतियां भेजना अनिवार्य है।

सभी दस्तावेजों के साथ आवेदन पत्र को रजिस्टर्ड डाक के माध्यम से बिहार महादलित विकास मिशन, पटना स्थित मिशन निदेशक के कार्यालय भेजना होगा।

जानकारी के लिए यहां करें संपर्क

योजना से संबंधित अधिक जानकारी के लिए अभ्यर्थी जिला कल्याण पदाधिकारी से संपर्क कर सकते हैं। इसके अलावा प्रशिक्षण केंद्र के प्रतिनिधि के मोबाइल नंबर 9264456639 तथा बिहार महादलित विकास मिशन के टोल फ्री नंबर 1800-345-6345 पर भी जानकारी प्राप्त की जा सकती है।

Related Articles

Back to top button