
लखनऊ ‘जनता दर्शन’ में सीएम योगी का सख्त संदेश, फरियादियों की समस्याओं पर तुरंत कार्रवाई के दिए निर्देश
लखनऊ: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोमवार सुबह आयोजित ‘जनता दर्शन’ कार्यक्रम में प्रदेशभर से आए फरियादियों से मुलाकात कर उनकी समस्याएं सुनीं और संबंधित अधिकारियों को तत्काल निस्तारण के निर्देश दिए। इस दौरान कई मामलों में मुख्यमंत्री ने मौके पर ही कार्रवाई सुनिश्चित करने के आदेश जारी किए।
बच्ची की शिक्षा के लिए सीएम ने दिखाई संवेदनशीलता
कार्यक्रम में एक बच्ची अपनी बूढ़ी मां के साथ पहुंची, जिसने बताया कि उसने इंटरमीडिएट परीक्षा अच्छे अंकों से उत्तीर्ण की है और वह आगे बीटेक करना चाहती है, लेकिन आर्थिक तंगी के कारण परेशानी हो रही है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने उसकी मार्कशीट देखकर उसे पढ़ाई पर ध्यान देने की सलाह दी। मुख्यमंत्री ने आश्वासन दिया कि उसका प्रवेश किसी अच्छे संस्थान में कराया जाएगा और सरकार किसी भी जरूरतमंद की शिक्षा बाधित नहीं होने देगी।
अवैध कब्जे और पुलिस लापरवाही पर सख्ती
जनता दर्शन में विभिन्न जिलों से आए लोगों ने पुलिस की लापरवाही और अवैध कब्जे की शिकायतें मुख्यमंत्री के समक्ष रखीं। इस पर सीएम योगी ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश देते हुए कहा कि सभी मामलों की गंभीरता से मॉनिटरिंग की जाए और पीड़ितों को जल्द न्याय दिलाया जाए, साथ ही दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
सीएम ने फरियादियों को दी सलाह
मुख्यमंत्री ने कुछ मामलों में सीधे ‘जनता दर्शन’ पहुंचने वाले फरियादियों से पूछा कि उन्होंने पहले जिला और मंडल स्तर पर शिकायत क्यों नहीं की। उन्होंने कहा कि अधिकांश समस्याओं का समाधान स्थानीय स्तर पर ही हो सकता है, इसलिए पहले संबंधित अधिकारियों से संपर्क करना चाहिए।



