छत्तीसगढ़राज्य

सुशासन तिहार के तहत आज सीएम साय का मैराथन दौरा, जन समस्या शिविर में परखेंगे योजनाओं की जमीनी हकीकत

रायपुर: छत्तीसगढ़ में सुशासन तिहार 2026 के तहत मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय आज विभिन्न जिलों का दौरा कर सकते हैं। इस दौरान किसी भी गांव में मुख्यमंत्री का हेलीकॉप्टर उतरने की संभावना जताई गई है। मुख्यमंत्री जन समस्या निवारण शिविर में शामिल होकर सीधे जनता से संवाद करेंगे और सरकारी योजनाओं का फीडबैक भी लेंगे।

जन समस्या निवारण शिविर में सीएम की मौजूदगी
कार्यक्रम के अनुसार मुख्यमंत्री सुशासन तिहार 2026 के तहत आयोजित जन समस्या निवारण शिविरों में पहुंचकर आम नागरिकों की समस्याओं के समाधान की प्रक्रिया का मौके पर निरीक्षण करेंगे। इस दौरान वे अधिकारियों से योजनाओं के क्रियान्वयन की विस्तृत समीक्षा भी करेंगे।

योजनाओं की जमीनी हकीकत की होगी समीक्षा
मुख्यमंत्री विभिन्न विभागों की योजनाओं और जनहित कार्यों की प्रगति की समीक्षा करेंगे। साथ ही अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश देंगे कि शासन की योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक प्रभावी रूप से पहुंचे। कार्यक्रम में प्रशासनिक व्यवस्था और शिकायत निवारण प्रणाली की भी समीक्षा की जाएगी।

शाम 5 बजे रायपुर में अन्य कार्यक्रम
दौरे के बाद मुख्यमंत्री शाम 5 बजे रायपुर के जोरा मॉल में आयोजित कार्यक्रम में शामिल होंगे, जहां वे ‘भाग्य विधाता’ फिल्म भी देखेंगे। प्रशासनिक सूत्रों के अनुसार मुख्यमंत्री का पूरा दिन जनसंपर्क और समीक्षा बैठकों में व्यस्त रहेगा।

Related Articles

Back to top button