38 हजार अभ्यर्थियों के बीच 414 ने मारी बाजी! हिमाचल में TGT Arts भर्ती का फाइनल रिजल्ट जारी, सरकारी नौकरी का इंतजार खत्म

हमीरपुर: हिमाचल प्रदेश में सरकारी शिक्षक बनने का सपना देख रहे हजारों युवाओं के लिए बड़ी खुशखबरी सामने आई है। हिमाचल प्रदेश राज्य चयन आयोग (एचपीआरसीए) हमीरपुर ने प्रारंभिक शिक्षा विभाग में टीजीटी (आर्ट्स) ट्रेनी के 425 पदों के लिए आयोजित भर्ती परीक्षा का अंतिम परिणाम घोषित कर दिया है। लंबे समय से रिजल्ट का इंतजार कर रहे अभ्यर्थियों में से 414 उम्मीदवारों ने सफलता हासिल कर सरकारी नौकरी की राह आसान कर ली है।
44 हजार से ज्यादा आवेदन, 38 हजार उम्मीदवार परीक्षा में शामिल
आयोग की ओर से जारी जानकारी के अनुसार टीजीटी (आर्ट्स) ट्रेनी के 425 पदों के लिए कुल 44,155 उम्मीदवारों ने आवेदन किया था। इनमें से 38,220 अभ्यर्थी कंप्यूटर आधारित परीक्षा (सीबीटी) में शामिल हुए। कड़ी प्रतिस्पर्धा के बाद लिखित परीक्षा में बेहतर प्रदर्शन करने वाले 664 उम्मीदवारों को दस्तावेज सत्यापन के लिए शॉर्टलिस्ट किया गया था।
दो चरणों में पूरी हुई चयन प्रक्रिया
दस्तावेज सत्यापन की प्रक्रिया दो चरणों में आयोजित की गई। पहला चरण 16 अप्रैल से 22 अप्रैल तक चला, जबकि दूसरा चरण 1 जून को संपन्न हुआ। सभी प्रक्रियाएं पूरी होने के बाद आयोग ने 414 उम्मीदवारों को अंतिम रूप से चयनित घोषित किया है।
11 पद विभिन्न कारणों से खाली रह गए
भर्ती प्रक्रिया के बावजूद कुल 425 पदों में से 11 पद खाली रह गए। आयोग के मुताबिक ओबीसी (स्वतंत्रता सेनानी आश्रित) श्रेणी के 2 और एससी (स्वतंत्रता सेनानी आश्रित) श्रेणी के 7 पदों पर योग्य उम्मीदवार उपलब्ध नहीं हो सके। इसके अलावा सामान्य वर्ग के 2 पद एक मामला न्यायालय में लंबित होने के कारण फिलहाल आरक्षित रखे गए हैं।
आधिकारिक वेबसाइट पर उपलब्ध है पूरा रिजल्ट
आयोग के सचिव डॉ. विक्रम महाजन ने बताया कि अंतिम परिणाम आयोग की आधिकारिक वेबसाइट पर अपलोड कर दिया गया है। परीक्षा में शामिल सभी उम्मीदवार अपने नाम, रोल नंबर और प्राप्त अंकों सहित विस्तृत परिणाम ऑनलाइन देख सकते हैं। आयोग का दावा है कि पूरी भर्ती प्रक्रिया पारदर्शी और निर्धारित नियमों के तहत पूरी की गई है।



