मध्य प्रदेशराज्य

रीवा में बड़ा खुलासा: वाहन से 5 क्विंटल अवैध विस्फोटक बरामद, जिलेटिन समेत खतरनाक सामग्री जब्त, चालक गिरफ्तार

रीवा: मध्य प्रदेश के रीवा जिले में पुलिस ने अवैध विस्फोटकों की तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए भारी मात्रा में विस्फोटक सामग्री बरामद की है। रायपुर कर्चुलियान थाना क्षेत्र में गश्त के दौरान एक संदिग्ध वाहन से करीब 5 क्विंटल अवैध विस्फोटक जब्त किया गया। इस मामले में वाहन चालक को गिरफ्तार कर पूछताछ की जा रही है।

रीवा: पुलिस के अनुसार बरामद सामग्री में जिलेटिन सहित अन्य विस्फोटक पदार्थ शामिल हैं, जिनका उपयोग आमतौर पर क्रेशर और माइनिंग कार्यों में ब्लास्टिंग के लिए किया जाता है। प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक यह विस्फोटक मानिकवार क्षेत्र से बेला की ओर ले जाया जा रहा था।

मुखबिर की सूचना पर हुई कार्रवाई

डीएसपी उदित मिश्रा ने बताया कि पुलिस टीम नियमित गश्त पर थी, तभी मुखबिर से एक संदिग्ध वाहन के संबंध में सूचना मिली। सूचना के आधार पर पुलिस ने घेराबंदी कर वाहन को रोका और तलाशी ली। जांच के दौरान वाहन में बड़ी मात्रा में विस्फोटक सामग्री मिली।

दस्तावेज नहीं दिखा सका चालक

पुलिस ने जब चालक से विस्फोटक सामग्री के परिवहन से जुड़े वैध दस्तावेज और लाइसेंस मांगे तो वह कोई भी कागजात प्रस्तुत नहीं कर सका। इसके बाद उसे हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की गई।

विस्फोटक अधिनियम के तहत मामला दर्ज

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने चालक के खिलाफ विस्फोटक अधिनियम के तहत एफआईआर दर्ज कर ली है। साथ ही बरामद सामग्री की प्रकृति और उसकी क्षमता का आकलन करने के लिए बम निरोधक दस्ता भी मौके पर बुलाया गया है।

सप्लाई नेटवर्क की जांच में जुटी पुलिस

पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि वाहन का वास्तविक मालिक कौन है, विस्फोटक कहां से लाया गया था और इसे किस स्थान पर पहुंचाया जाना था। जांच एजेंसियां यह भी खंगाल रही हैं कि क्या इससे पहले भी इस तरह की अवैध सप्लाई की जा चुकी है।

सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट, सुरक्षित निस्तारण की तैयारी

घटना की सूचना प्रशासन को भी दे दी गई है। सुरक्षा के मद्देनजर विस्फोटक सामग्री के सुरक्षित निस्तारण की प्रक्रिया अपनाई जाएगी। पुलिस का कहना है कि पूरे नेटवर्क का खुलासा करने के लिए जांच हर पहलू से की जा रही है।

Related Articles

Back to top button