मध्य प्रदेशराज्य

MP दौरे पर आएंगी राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू, ओंकारेश्वर ज्योतिर्लिंग के दर्शन से लेकर कूनो सफारी तक कई कार्यक्रमों में होंगी शामिल

भोपाल: राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू 18 से 22 जून तक मध्य प्रदेश के पांच दिवसीय दौरे पर रहेंगी। इस दौरान वे प्रदेश के कई महत्वपूर्ण धार्मिक, ऐतिहासिक और वन्यजीव स्थलों का भ्रमण करेंगी। राष्ट्रपति ओंकारेश्वर ज्योतिर्लिंग में पूजा-अर्चना करने के साथ कूनो नेशनल पार्क का भी दौरा करेंगी। उनके प्रस्तावित कार्यक्रमों को लेकर प्रशासन और सुरक्षा एजेंसियों ने व्यापक तैयारियां शुरू कर दी हैं।

कूनो नेशनल पार्क में बिताएंगी रात, विशेष तैयारियां पूरी

निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू 21 जून को दोपहर 3 बजे वायुसेना के विशेष विमान से ग्वालियर पहुंचेंगी। इसके बाद सेना के हेलीकॉप्टर से सीधे श्योपुर जिले स्थित कूनो नेशनल पार्क जाएंगी। राष्ट्रपति 21 जून की रात कूनो में ही ठहरेंगी, जिसके लिए विशेष इंतजाम किए गए हैं।

अगले दिन 22 जून को सुबह कूनो नेशनल पार्क में निर्धारित कार्यक्रमों में हिस्सा लेने के बाद वे अपने अगले गंतव्य के लिए रवाना हो जाएंगी।

मुख्य सचिव ने की तैयारियों और सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा

राष्ट्रपति के दौरे को देखते हुए प्रशासन पूरी तरह सतर्क है। मध्य प्रदेश के मुख्य सचिव अनुराग जैन ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए सुरक्षा व्यवस्था और वीवीआईपी प्रोटोकॉल से जुड़ी तैयारियों की समीक्षा की। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि सुरक्षा, यातायात, संचार व्यवस्था, स्वास्थ्य सेवाएं और अन्य सभी आवश्यक प्रबंध तय समयसीमा में पूरी तरह सुनिश्चित किए जाएं।

कूनो में चीतों को खुले जंगल में छोड़े जाने की संभावना

राष्ट्रपति के कूनो दौरे को लेकर वन विभाग और कूनो प्रबंधन भी उत्साहित है। माना जा रहा है कि बोत्सवाना से भारत लाए गए शेष चीतों को राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के हाथों खुले जंगल में छोड़ा जा सकता है।

बताया जाता है कि जब बोत्सवाना सरकार ने भारत के लिए इन चीतों का चयन किया था, तब प्रतीकात्मक रूप से इन्हें राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू को ही सौंपा गया था। ऐसे में यह कार्यक्रम वन्यजीव संरक्षण की दृष्टि से भी बेहद महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

ओंकारेश्वर, इंदौर, बैतूल और जबलपुर का भी करेंगी दौरा

अपने पांच दिवसीय मध्य प्रदेश प्रवास के दौरान राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू इंदौर, बैतूल और जबलपुर समेत कई प्रमुख स्थानों का दौरा करेंगी। वे प्रदेश के प्रसिद्ध श्री ओंकारेश्वर ज्योतिर्लिंग मंदिर में दर्शन और पूजा-अर्चना भी करेंगी।

राष्ट्रपति के प्रस्तावित कार्यक्रमों को देखते हुए श्योपुर, ग्वालियर, इंदौर, बैतूल और जबलपुर सहित सभी संबंधित जिलों में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। प्रशासनिक अमला दौरे को सफल और सुरक्षित बनाने के लिए लगातार तैयारियों में जुटा हुआ है।

Related Articles

Back to top button