‘12 साल में बदला भारत का वैश्विक कद’, उज्जैन में बोले देवड़ा- अब दुनिया को दिशा देने की स्थिति में देश

उज्जैन: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूरे होने के अवसर पर भारतीय जनता पार्टी द्वारा उज्जैन में विकसित भारत संकल्प सम्मेलन का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में उपमुख्यमंत्री जगदीश देवड़ा ने विकास प्रदर्शनी का उद्घाटन करने के बाद सम्मेलन को संबोधित करते हुए मोदी सरकार की उपलब्धियों का उल्लेख किया और कहा कि भारत आज आत्मविश्वास, सुशासन और सांस्कृतिक गौरव के नए दौर में प्रवेश कर चुका है।
उपमुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में देश ने वैश्विक स्तर पर अपनी अलग पहचान बनाई है। भारत अब केवल दुनिया की घटनाओं पर प्रतिक्रिया देने वाला देश नहीं, बल्कि वैश्विक दिशा तय करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने की स्थिति में पहुंच चुका है। उन्होंने कहा कि बीते वर्षों में देश ने विकास, सुरक्षा और सांस्कृतिक पुनर्जागरण के क्षेत्र में उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल की हैं।
देवड़ा ने कहा कि सर्जिकल स्ट्राइक, एयर स्ट्राइक और आतंकवाद के खिलाफ निर्णायक कदमों ने दुनिया को नए भारत की शक्ति का परिचय कराया है। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार समाज के अंतिम व्यक्ति तक विकास का लाभ पहुंचाने के लक्ष्य के साथ कार्य कर रही है और अंत्योदय की अवधारणा को धरातल पर उतारने के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं।
कांग्रेस पर भी साधा निशाना
अपने संबोधन के दौरान उपमुख्यमंत्री ने कांग्रेस पर हमला बोलते हुए कहा कि वर्ष 2014 से पहले देश राजनीतिक अस्थिरता, भ्रष्टाचार और निर्णय लेने में असमर्थता जैसी समस्याओं से जूझ रहा था। उन्होंने दावा किया कि वर्तमान नेतृत्व में भारत ने वैश्विक मंच पर अपनी सशक्त उपस्थिति दर्ज कराई है और विभिन्न क्षेत्रों में नई उपलब्धियां हासिल की हैं।
जनकल्याणकारी योजनाओं का किया उल्लेख
देवड़ा ने कहा कि प्रधानमंत्री आवास योजना, आयुष्मान भारत, स्वच्छ भारत मिशन, डिजिटल इंडिया, स्टार्टअप इंडिया, लखपति दीदी और ड्रोन दीदी जैसी योजनाओं ने करोड़ों लोगों के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाने का काम किया है। उन्होंने कहा कि इन योजनाओं के माध्यम से गरीब, किसान, महिला और युवा वर्ग को सीधे लाभ पहुंचा है।
सांस्कृतिक धरोहरों के विकास का भी किया जिक्र
उपमुख्यमंत्री ने अयोध्या में श्रीराम मंदिर निर्माण, काशी विश्वनाथ कॉरिडोर, महाकाल लोक और केदारनाथ धाम के पुनर्विकास को भारत की सांस्कृतिक चेतना को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने वाले कार्य बताया। उन्होंने कहा कि इन परियोजनाओं ने देश की सांस्कृतिक पहचान को वैश्विक स्तर पर मजबूत किया है।
उन्होंने सम्मेलन में मौजूद प्रबुद्धजनों और कार्यकर्ताओं से सरकार की उपलब्धियों और विकास कार्यों को समाज के प्रत्येक वर्ग तक पहुंचाने का आह्वान भी किया।
कार्यक्रम में राज्यसभा सांसद उमेशनाथ महाराज, पूर्व केंद्रीय मंत्री डॉ. सत्यनारायण जटिया, विधायक अनिल जैन कालूहेड़ा, महापौर मुकेश टटवाल सहित अनेक जनप्रतिनिधि, भाजपा पदाधिकारी और कार्यकर्ता बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।



